Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

आगरा में संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे के अधिकारी का शव कार्यालय से बरामद

आगरा/नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) आगरा में मंडल रेलवे प्रबंधक (डीआरएम) के कार्यालय में एक युवा अधिकारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आगरा रेल मंडल के सहायक परिचालन प्रबंधक (एओएम) अभिषेक सिंह कुशवाह की (32) संदिग्ध हालत में मौत हुई है। रविवार रात वह कार्यालय में सोफे पर मृत मिले।

कुशवाह की पत्नी और मां ने आरोप लगाया है कि काम के खराब माहौल एवं एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा मानसिक प्रताड़ना के कारण उन्हें अपनी जान देने के लिए मजबूर होना पड़ा।

रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय गौतम ने इस घटना की पुष्टि की लेकिन उन्होंने परिवार द्वारा लगाये गये आरोपों का खंडन किया।

उन्होंने बताया रविवार शाम अभिषेक अपने चैंबर में गए थे तथा देर रात जब उन्हें फोन किया गया जब उनका मोबाइल बंद था।

गौतम के अनुसार रात में करीब साढ़े दस बजे एक कर्मचारी ने चैंबर में जाकर देखा तो सोफे पर पड़े हुए थे।

जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक आनन-फानन में उन्हें रेलवे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना बाकी है। चूंकि मामला पुलिस जांच के दायरे में है, इसलिए मैं इस पर और कुछ नहीं कह सकता।’’

जब उनसे परिवार के इस आरोप के बारे में पूछा गया कि वरिष्ठ मंडल संचालन प्रबंधक (समन्वय) ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया तो उन्होंने कहा, ‘‘ये सभी आरोप बेबुनियाद हैं।’’

पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में, कुशवाह की पत्नी आस्था रानी ने बताया कि एक नवंबर 2026 को उनके पति ने उनसे कहा था कि वह कार्यालय जा रहे हैं तथा बाद में, वह एक डायरी लेने के लिए शाम करीब चार बजे घर लौटे।

रानी ने अपनी शिकायत में कहा कि उस समय वह काफी परेशान लग रहे थे।

रानी के अनुसार लगभग एक घंटे बाद, शाम करीब पांच बजे, जब उन्होंने उन्हें फोन किया, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। उसी रात बाद में, उन्हें उनके निधन के बारे में पता चला।

उन्होंने बताया कि उनके पति का लगभग तीन महीने पहले प्रयागराज से आगरा तबादला हो गया था और तब से उन्हें कथित तौर पर परेशान किया जा रहा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि वरिष्ठ मंडल संचालन प्रबंधक (समन्वय) ने उनके पति के लिए तनावपूर्ण माहौल पैदा कर दिया था, उनसे सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक काम करवाया, और धमकी दी कि अगर उन्होंने उनके आदेशों का पालन नहीं किया, तो वह उनका करियर बर्बाद कर देंगे।

इस बीच, सोमवार को कुशवाह की मौत की खबर सुनने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने डीआरएम कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया । उन्होंने उनकी मौत के लिए उच्च अधिकारियों को जिम्मेदार बताया और उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एक कर्मचारी ने कहा, ‘‘डीआरएम कार्यालय के खराब कार्य-माहौल के कारण ही कुशवाह की मौत हुई है। हम दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं, और जब तक न्याय नहीं मिल जाता, तब तक हमारा विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।’’

भाषा सं आनन्द

राजकुमार वैभव

वैभव