प्रयागराज (उप्र), दो नवंबर (भाषा) प्रयागराज के झूंसी थाना क्षेत्र के त्रिवेणीपुरम में सोमवार को 18 वर्षीय एक किशोरी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में अनुत्तीर्ण होने और दोबारा परीक्षा पास नहीं कर पाने के डर से अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।
पुलिस उपायुक्त (नगर) सागर जैन ने बताया कि किशोरी पहले भी नीट की परीक्षा दे चुकी थी, लेकिन उसमें अनुत्तीर्ण हो गई थी और दोबारा परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
जैन ने बताया कि उसके पिता भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) में इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोरी सुबह चार-पांच बजे तक पढ़ाई करती थी और अपराह्न ढाई बजे उठती थी।
जैन ने बताया कि सोमवार को जब किशोरी दोपहर तीन बजे तक नहीं उठी, तो परिजनों ने उसके कमरे में जाकर देखा और उन्हें घटना का पता चला।
उन्होंने बताया कि किशोरी के पास से एक कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है, ‘‘मैं कभी नीट की परीक्षा पास नहीं कर सकूंगी, मुझे माफ कर देना।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा राजेंद्र सिम्मी
सिम्मी