मुंबई, दो नवंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे ने भाजपा शासित बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) पर सोमवार को निशाना साधा और उसके पर्यावरण-अनुकूल दिवाली अभियान का वह वीडियो सोशल मीडिया अकाउंट से हटाए जाने पर नाराजगी जताई, जिसमें अभिनेत्री दीया मिर्जा नजर आ रही थीं।
वर्ली के विधायक आदित्य ठाकरे ने कहा कि भाजपा किसी भी स्तर पर सरकार चलाने में सक्षम नहीं है।
ठाकरे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मिर्जा का नाम लिये बगैर कहा कि बीएमसी किसी व्यक्ति को आधिकारिक पत्र जारी कर एक वीडियो बनाने के लिए कहती है और वह व्यक्ति वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देता है।
उन्होंने कहा कि इसके बाद सत्तारूढ़ दल के एक विधायक (भाजपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष अमित साटम) सुर्खियों में आने के लिए बीएमसी से उस वीडियो को हटाने की मांग करते हैं।
ठाकरे ने कहा, ‘‘महापौर, जिन्हें नगर निकाय की गतिविधियों की कोई जानकारी नहीं है, इस मामले पर नाराजगी जाहिर करती हैं। इसके बाद वीडियो हटा लिया जाता है। वहीं, सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल (शिवसेना के) उपमहापौर का कहना है कि वीडियो में कुछ भी गलत नहीं था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब भी कोई विवाद खड़ा होता है, महापौर यही कहती हैं कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। चाहे उनकी कार पर लाल बत्ती लगाने का मामला हो, उनके सरकारी आवास पर पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाने का मामला हो या फिर नगर निकाय की सोशल मीडिया टीम द्वारा बनाए गए वीडियो का मामला।’’
मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच बंबई उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद बीएमसी ने नागरिकों से पटाखे फोड़ने से बचने और पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने की अपील की थी।
इस अभियान के तहत बीएमसी ने दीया मिर्जा समेत कई जानी-मानी हस्तियों को शामिल किया था।
मिर्जा के वीडियो में लोगों से शोर और वायु प्रदूषण से बचने की अपील की गई थी। यह वीडियो रविवार को हटा दिया गया, जबकि अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और निशिगंधा वाड तथा क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के अभियान संबंधी वीडियो बीएमसी के ‘एक्स’ और इंस्टाग्राम पेज पर अब भी मौजूद हैं।
साटम ने ‘एक्स’ पर बीएमसी के आधिकारिक अकाउंट को टैग करते हुए एक पोस्ट में मिर्जा के वीडियो पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद इसे हटा दिया गया।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप