मुंबई, दो नवंबर (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि सरकार युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कुशल बनाने पर अपना ध्यान और बढ़ाएगी। उन्होंने शिक्षा पाठ्यक्रम में कृत्रिम मेधा (एआई) को शामिल करने की भी वकालत की।
यहां ‘फाइनेंस एक्सप्रेस लीडरशिप अवॉर्ड्स’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीतारमण ने कहा कि उद्योगों की जरूरतों और नए स्नातकों की क्षमताओं के बीच अंतर है। सरकार इस अंतर को पाटने के लिए प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने बार-बार यह मुद्दा उठाया है कि कॉलेज से निकलने वाले स्नातकों के पास पर्याप्त कौशल नहीं हैं। इसके कारण नियोक्ताओं को युवा स्नातकों को काम पर लगाने से पहले छह महीने से अधिक समय तक प्रशिक्षण देना पड़ता है।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार कौशल विकास को प्राथमिकता देने और उद्यमियों, कारोबारियों, उद्योग जगत तथा रोजगार बाजार में आने वाले युवाओं की अपेक्षाओं के बीच के अंतर को पाटने के लिए भी व्यापक स्तर पर काम करेगी।’’
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने पिछले दो बजट से ही युवाओं को प्रशिक्षण देने और उन्हें रोजगार के लिए उपयुक्त कौशल प्रदान करने की शुरुआत कर दी है।
उन्होंने कहा, ‘‘अब हम युवाओं को प्रशिक्षण देने और उन्हें ऐसे कौशल सिखाने पर समय देना चाहते हैं, जिससे वे रोजगार के लिए तैयार हो सकें। हमने पिछले दो बजट के जरिये यह काम शुरू कर दिया है। अभी और काम किया जाना है। हम यह प्रयास जारी रखेंगे।’’
सीतारमण ने शिक्षा व्यवस्था में कृत्रिम मेधा (एआई) को शामिल करने की जरूरत बतायी। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) सहित उद्योगों को उत्पादकता बढ़ाने के लिए इस प्रौद्योगिकी को अपनाने की जरूरत है। इसके साथ ही एआई के साथ काम करने में सक्षम प्रशिक्षित कर्मचारियों की भी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें ऐसे कर्मचारियों की भी जरूरत है, जो हमारे लिए एआई के साथ काम कर सकें। इसीलिए मेरा मानना है कि स्कूलों, कॉलेजों और पेशेवर शिक्षण संस्थानों के पाठ्यक्रम में ऐसी अतिरिक्त शिक्षा शामिल करने की जरूरत है, ताकि युवा वहां से निकलने के बाद रोजगार के लिए तैयार हों।’’
भाषा रमण अजय
अजय