Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

‘ब्राह्मण विरोधी’ टिप्पणी के मामले में सूरत की अदालत ने अनुराग कश्यप के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया

सूरत, दो नवंबर (भाषा) सूरत की एक अदालत ने सोशल मीडिया पर पिछले साल ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पेश नहीं होने पर सोमवार को फिल्मकार-अभिनेता अनुराग कश्यप के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया।

अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जे वी चौहान ने कश्यप के खिलाफ जमानती वारंट जारी करते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए 24 दिसंबर की तारीख तय की।

‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ और ‘ब्लैक फ्राइडे’ जैसी प्रशंसित हिंदी फिल्मों का निर्देशन करने वाले 54 वर्षीय फिल्मकार को अदालत में पेश होने के लिए कई बार समन जारी किए गए थे। इनमें समाचार पत्र के माध्यम से जारी किया गया समन भी शामिल था, लेकिन वह अदालत में पेश नहीं हुए।

अदालत ने मई में वकील कमलेश रावल की याचिका पर कश्यप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 192 (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 352(2) (झूठी अफवाहें फैलाना) के तहत मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था।

रावल हिंदू विचारधारा वाले संगठनों बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कानूनी सलाहकार हैं।

न्यायिक कार्यवाही के तहत अदालत ने कश्यप को समन जारी किया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। रावल ने बताया कि सोमवार को भी उनके अनुपस्थित रहने पर अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया।

जमानती वारंट के तहत आरोपी अदालत द्वारा निर्धारित जमानत राशि जमा कर रिहाई हासिल कर सकता है।

रावल ने कहा, ‘‘हमने शुरुआत में एक आवेदन दाखिल कर सत्यापन के लिए उनकी (अदालत में) मौजूदगी का अनुरोध किया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। इसके बाद निचली अदालत ने उनके खिलाफ कार्यवाही शुरू की। फिर समन जारी किया गया, लेकिन वह नहीं आए। अदालत ने समाचार पत्र में सार्वजनिक समन प्रकाशित करने का निर्देश दिया। हमने इसे एक प्रमुख समाचार पत्र के मुंबई संस्करण में प्रकाशित कराया, लेकिन इसके बावजूद वह पेश नहीं हुए।’’

आवेदक ने 16 अप्रैल 2025 को की गई टिप्पणी के लिए कश्यप के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया था। उस दिन उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक आपत्तिजनक संदेश पोस्ट किया था, जिसमें कथित तौर पर पूरे ब्राह्मण समुदाय को अपमानित किया गया था।

याचिका में कहा गया कि जब आदित्य नाम के एक व्यक्ति ने कश्यप की पोस्ट पर आपत्ति जताई, तो फिल्मकार ने गुस्से में जवाब देते हुए उसे फटकार लगाई और पूछा, ‘‘ब्राह्मण होकर तुमने क्या हासिल किया है?’’

रावल ने दावा किया कि इस तरह की टिप्पणियां करके कश्यप ने ‘‘ब्राह्मण समुदाय को नीचा दिखाने की कोशिश की और यह पोस्ट पूरे ब्राह्मण समुदाय का अपमान है।’’

उन्होंने दलील दी कि आरोपी के ऐसे बयान से देशभर में विभिन्न धार्मिक और जातीय समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा मिलने का खतरा उत्पन्न होता है।

कश्यप की यह पोस्ट हिंदी फिल्म ‘फुले’ का ट्रेलर जारी होने के बाद उसके कुछ हिस्सों को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज और विप्र सेना नाम के दो संगठनों की ओर से जताई गई आपत्तियों के जवाब में आई थी।

उनकी टिप्पणियों से विवाद पैदा होने के कुछ दिनों बाद कश्यप ने ब्राह्मण समुदाय से माफी मांगते हुए कहा था कि गुस्से में किसी को जवाब देते समय ‘अपशब्दों’ का इस्तेमाल करके उन्होंने मर्यादा की सीमा पार कर दी थी।

भाषा संतोष वैभव

वैभव