डकार (सेनेगल) दो नवंबर (भाषा) भारतीय तैराक धिनिधि देशिंगु ने सोमवार को महिला 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी शानदार लय जारी रखी तो वहीं जूडो खिलाड़ी खुशबू राजकभाई ने युवा ओलंपिक खेलों के फाइनल में जगह बनाकर इतिहास रच दिया।
खुशबू युवा ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी भारतीय जूडो खिलाड़ी बन गईं। महिला 63 किग्रा वर्ग के फाइनल में पहुंचने के साथ ही उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया।
धिनिधि ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में 56.27 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। क्रोएशिया की एना बोबानोविच ने 55.89 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि न्यूजीलैंड की एलिसा लॉसन 56.13 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहीं।
बेंगलुरु की 16 वर्षीय धिनिधि ने इससे पहले हीट में 56.80 सेकंड का समय लेकर अपनी स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल किया था। वह फाइनल के लिए तीसरी सबसे तेज तैराक के रूप में क्वालीफाई हुई थीं। हीट में बोबानोविच (56.22 सेकंड) और लॉसन (56.53 सेकंड) ही उनसे तेज रही थीं।
खुशबू के सामने फाइनल में जर्मनी की कैडेट विश्व चैंपियन जोलिना रेनहोल्ड की चुनौती होगी।
गुजरात की 15 वर्षीय खुशबू अगर फाइनल में जीत हासिल करती हैं तो वह युवा ओलंपिक में जूडो का स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगी।
इससे पहले थांगजाम तबाबी देवी ने युवा ओलंपिक में भारत के लिए जूडो का एकमात्र पदक अपने नाम किया है। उन्होंने 2018 में अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में आयोजित युवा ओलंपिक में महिला 44 किग्रा वर्ग में रजत पदक हासिल किया था।
भारत के लिए युवा ओलंपिक में व्यक्तिगत स्पर्धा में 2018 में निशानेबाज मनु भाकर (महिला 10 मीटर एयर पिस्टल), सौरभ चौधरी (पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल) और भारोत्तोलक जेरेमी लालरिनुंगा (पुरुष 62 किग्रा) स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
खुशबू ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गिनी की मामइस्सता कैमारा को ‘युको’ के जरिए 1-0 से शिकस्त दी।
जूडो में ‘युको’ एक प्रभावी तकनीक के इस्तेमाल पर दिया जाने वाला कम अंक होता है।
उन्होंने इसके बाद क्वार्टर फाइनल में मोरक्को की अबीर बुआज्जाउई को ‘इप्पोन’ के जरिए हराया। ‘इप्पोन’ जूडो में मिलने वाला सर्वोच्च स्कोर है, जिससे मुकाबला तुरंत समाप्त हो जाता है। इसे प्रतिद्वंद्वी को प्रभावी तरीके से गिराकर मजबूत पकड़ बनाकर हासिल किया जा सकता है।
सेमीफाइनल में खुशबू ने अल्जीरिया की दुनिया बेराहुआल को भी ‘इप्पोन’ से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
इस मुकाबले में उनकी प्रतिद्वंद्वी को ‘हांसोकु-माके’ दंड दिया गया। यह जूडो में सबसे गंभीर दंड है, जिसके तहत नियमों के उल्लंघन पर खिलाड़ी को तत्काल अयोग्य घोषित कर दिया जाता है और विरोधी को ‘इप्पोन’ के आधार पर विजेता माना जाता है।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर