मालदा (पश्चिम बंगाल), दो नवंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में भूमि विवाद को लेकर हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार दोपहर को मोथाबारी थाना क्षेत्र के हामिदपुर गांव में हुई। उस समय एसएसबी के जवान शशांक शेखर यादव, किसानों के एक समूह के साथ मिलकर एक विवादित जमीन पर जुताई करने गए थे।
आरोप है कि लोगों के एक समूह ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें शशांक समेत तीन लोग घायल हो गए। मालदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज के दौरान शिवचरण मंडल (50) की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि शशांक और किसान उज्ज्वल मंडल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शशांक के परिवार का इलाके में पैतृक जमीन और 'देबोत्तर' संपत्ति (देवता को समर्पित संपत्ति) के एक बड़े हिस्से को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।
पुलिस को इस घटना के संबंध में 21 लोगों के खिलाफ शिकायत मिली है, जिनमें से 13 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी, जिसकी पहचान सनातन मंडल के रूप में हुई है, फरार है।
पुलिस ने कहा कि झड़प में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।
भाषा सुभाष वैभव
वैभव