नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि टोयोटा मोटर कॉरपोरेशन इस महीने इनोवा का 'फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल' पेश करेगी। यह वाहन ई100 (लगभग शुद्ध एथनॉल) से चल सकेगा।
गडकरी ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है, क्योंकि पश्चिम एशिया में संघर्ष और रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण जीवाश्म ईंधन की कीमतें काफी बढ़ गई हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि अगले साल तक देश में बिकने वाली कम से कम 35-40 प्रतिशत कार इलेक्ट्रिक होंगी।
मंत्री ने कहा कि हरित हाइड्रोजन भविष्य का ईंधन है और भारत स्वच्छ हाइड्रोजन का शुद्ध निर्यातक बन सकता है।
पिछले महीने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर वाहन नियमों में संशोधन अधिसूचित किए थे। इसके तहत ई100 (लगभग शुद्ध एथनॉल) से चलने वाले फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को अनुमति दी गई है।
ई100 ईंधन से वाहन लगभग शुद्ध एथनॉल पर चल सकते हैं।
सड़क परिवहन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ई20 (20 प्रतिशत एथनॉल मिश्रित पेट्रोल) से अधिक और ई100 तक के ईंधन का इस्तेमाल केवल उन्हीं वाहनों में किया जा सकेगा जिन्हें इसके लिए डिजाइन और प्रमाणित किया गया है। यह व्यवस्था अन्य वाहनों पर लागू नहीं होगी। ई20 या सामान्य पेट्रोल से चलने वाले वाहन ई85 या ई100 ईंधन का इस्तेमाल नहीं कर सकते।
मंत्रालय ने उत्सर्जन से संबंधित तालिकाओं और परीक्षण प्रावधानों में इस्तेमाल होने वाली वाहन श्रेणियों की कुछ सीमाओं, ईंधन के विनिर्देशों और तकनीकी संदर्भों में बदलाव किए हैं।
इसके अलावा, सरकार ने इन बदलावों से प्रभावित हल्के पेट्रोल और डीजल वाहनों के लिए वजन की अधिकतम सीमा 3,000 किलोग्राम से बढ़ाकर 3,500 किलोग्राम कर दी है।
इस साल जून में मारुति सुजुकी इंडिया ने देश का पहला फ्लेक्स-फ्यूल यात्री वाहन पेश किया था। कंपनी ने वैगन आर का फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल पेश किया, जो ई20 से ई100 तक के एथनॉल-मिश्रित ईंधन पर चल सकता है।
भाषा योगेश अजय
अजय