भुवनेश्वर, दो नवंबर (भाषा) भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तट की ओर तेजी से बढ़ने के बीच ओडिशा सरकार ने सोमवार को पांच दक्षिणी जिलों से 1.60 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और वहां आपदा मोचन बलों को तैनात किया।
अधिकारियों के अनुसार, सरकार सोमवार रात 10 बजे से पहले 33 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना बना रही है। राज्य अब भी पिछले सप्ताह आए चक्रवात अर्नब से हुई उस तबाही से उबर नहीं पाया है, जिसमें बाढ़ और भूस्खलन के कारण कम से कम छह लोगों की मौत हो गई थी।
विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) राजेश पी पाटिल ने बताया कि लगभग एक सप्ताह से जारी बारिश के कारण भूस्खलन की संभावना बढ़ गई है। गजपति में करीब 150 स्थानों को भूस्खलन संभावित क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया है और वहां से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गंजाम जिले में बाढ़ की मौजूदा स्थिति को देखते हुए करीब 1.50 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि चक्रवात के कारण आठ जिलों - गंजाम, गजपति, कोरापुट, रायगढ़ा, मलकानगिरी, कंधमाल, कालाहांडी और पुरी में भारी बारिश की आशंका है।
अधिकारियों ने बताया कि करीब 3.33 लाख लोगों को ठहराने के लिए 1,139 राहत शिविर तैयार किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार प्रशासन का मुख्य ध्यान पांच जिलों गंजाम, गजपति, कोरापुट, मलकानगिरी और कंधमाल पर है। इसके साथ ही इन जिलों में मंगलवार को स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ओडीआरएएफ और ओडिशा अग्निशमन सेवा के कर्मियों सहित 300 से अधिक बचाव दल तैनात किए गए हैं।
भाषा
प्रचेता माधव
माधव