नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस के करीब 150 कर्मियों ने शाहदरा थाने में पुलिस और वकीलों के बीच हुई झड़प के बाद दो अधिकारियों के तबादले के विरोध में सोमवार को पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और संबंधित अफसरों की पुरानी तैनाती बहाल करने के साथ कई अन्य मांगें भी उठाईं। प्रदर्शन में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं।
इस प्रदर्शन ने 2019 में हुए इसी तरह के एक विरोध प्रदर्शन की यादें ताजा कर दीं। उस समय वकीलों द्वारा पुलिसकर्मियों पर हमले किए जाने के बाद 2,000 से अधिक पुलिसकर्मी और उनके परिजन पुलिस मुख्यालय के बाहर जुटे थे। तब तीस हजारी अदालत में पार्किंग विवाद से जुड़ी घटना भी शामिल थी। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रभावित पुलिसकर्मियों को कानूनी और चिकित्सकीय सहायता देने का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ था।
हाथों में तख्तियां और पोस्टर लिए प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों ने ''वर्दी का अपमान नहीं सहेंगे'' जैसे नारे लगाए। उन्होंने सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी (एसएचओ) निरीक्षक अरुण कुमार की पुरानी तैनाती बहाल करने की मांग की।
यह विवाद 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस थाने में हुई एक घटना से जुड़ा है, जिसमें वकील ललित बंसल को कथित तौर पर झड़प के दौरान सिर में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद थाने में वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच टकराव हुआ, जिसके विरोध में जिला अदालतों के वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी और बाद में अधिकारियों के तबादले के बाद यह हड़ताल वापस ले ली गई।
पुलिस मुख्यालय के गेट नंबर एक के बाहर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों को प्रदर्शन समाप्त करने के लिए मनाने की कोशिश की।
शर्मा को वशिष्ठ से बात करते और एसीपी तथा अन्य पुलिसकर्मियों से पुलिस बल से अपेक्षित अनुशासन बनाए रखने की अपील करते देखा गया। उन्होंने उन्हें याद दिलाया कि पुलिसकर्मियों को प्रदर्शनकारियों की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कुछ पुलिसकर्मियों से अपने साथ मुख्यालय के अंदर चलने को भी कहा, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया और पुलिस आयुक्त के साथ संवाद सत्र आयोजित करने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल होने की अपील दिल्ली पुलिस के व्हाट्सऐप समूहों के जरिए प्रसारित की गई थी। इसमें पुलिसकर्मियों से स्थानांतरित किए गए अधिकारियों के समर्थन में मुख्यालय के बाहर जुटने को कहा गया था।
बताया जाता है कि जिला पुलिस उपायुक्तों और इकाई प्रमुखों से अपने कर्मियों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए कहा गया था।
वशिष्ठ ने पत्रकारों से बातचीत में पहले कहा कि यह प्रदर्शन पुलिसकर्मियों की ओर से स्वत: शुरू किया गया है और वह इसमें शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''हमने वरिष्ठ अधिकारियों से अपने विचार रखने के लिए एक मंच उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है और इस संबंध में औपचारिक आवेदन भी दिया है। हमें विश्वास है कि वरिष्ठ अधिकारी हमें अपनी बात रखने का अवसर देंगे। हम खुलकर अपनी बात रखेंगे और इस मामले का समाधान जरूर निकलेगा।''
अधिकारी ने कहा, ''हमने यह रुख इसलिए अपनाया है क्योंकि पुलिसकर्मियों को जिस गुंडागर्दी का सामना करना पड़ रहा है और थानों के अंदर सुरक्षा से जुड़ी जो समस्याएं पैदा हो रही हैं, उनके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। कुछ लोग भेष बदलकर गुंडागर्दी कर रहे हैं। वे न केवल हमारे, बल्कि पूरे समाज के दुश्मन हैं।''
उन्होंने कहा कि अगर पुलिस थाने ही सुरक्षित नहीं हैं तो कोई भी जगह सुरक्षित नहीं हो सकती।
प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने पुलिस मुख्यालय में संपर्क सभा आयोजित की। इसमें उन्होंने विशेष आयुक्तों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मियों से बातचीत की और उनकी शिकायतें सुनीं।
कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी जायज शिकायतों को व्यवस्थित तरीके से हल करने के लिए तुरंत और उचित कदम उठाए जाएंगे।
वशिष्ठ के नेतृत्व में करीब सात पुलिसकर्मियों के एक छोटे प्रतिनिधिमंडल ने भी बातचीत के बाद पुलिस आयुक्त से मुलाकात की और अपनी मांगें रखीं।
बैठक के बाद वशिष्ठ ने कहा, ''हमने पुलिस आयुक्त के सामने अपनी मांगें रखी हैं। हालांकि, जैसा कि हमने उम्मीद की थी, बहुत से लोगों को खुलकर अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिला। इसके बावजूद हमने अपनी मांगें उन तक पहुंचा दी हैं और उन पर चर्चा हो रही है। कुछ मुद्दों का समाधान आज ही किया जाना जरूरी है। हमारी कुल पांच मांगें थीं।''
पुलिसकर्मियों की मांगों में अदालत परिसरों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अव्यवस्था रोकने के लिए एक प्रतिरोधक बल तैनात करना शामिल है। उन्होंने यह भी मांग की कि यदि पांच से अधिक वकील किसी थाने में घुसकर हंगामा करते हैं तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए। इसके अलावा, थानों के बाहर भी पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार या उन्हें धमकाने वाले वकीलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
उन्होंने पुलिस आयुक्त से ऐसे मामलों में शामिल पाए जाने वाले वकीलों के लाइसेंस रद्द कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने और शाहदरा थाने की घटना के संबंध में वकीलों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में आरोपपत्र दाखिल करने की भी मांग की।
संपर्क सभा के बाद जारी एक बयान में कहा गया कि पुलिसकर्मियों ने पुलिस बल की गरिमा, वर्दी के सम्मान और अपनी शिकायतों के समाधान के लिए एक व्यवस्था बनाने से जुड़े मुद्दे उठाए।
बयान में कहा गया, ''पुलिस आयुक्त ने बल के पेशेवर रवैये, प्रतिबद्धता और अनुशासन की सराहना की। विशेष रूप से कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियों के निर्वहन और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन में पुलिसकर्मियों की भूमिका की प्रशंसा की।''
पुलिस आयुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी जायज शिकायतों के समाधान के लिए जल्द और उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि बल का मनोबल बढ़ाया जा सके।
दिल्ली पुलिस ने यह भी बताया कि विभिन्न बार एसोसिएशन और बार काउंसिल ऑफ दिल्ली के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में जिला और पुलिस मुख्यालय स्तर पर संयुक्त समन्वय समिति गठित करने का फैसला लिया गया है। यह समिति पुलिसकर्मियों के आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान सामने आने वाले मुद्दों का समाधान करेगी।
बयान में कहा गया कि पदोन्नति, संशोधित सुनिश्चित करियर प्रगति योजना (एमएसीपी), आवास और सेवा से जुड़े अन्य मामलों पर भी उचित ध्यान दिया जाएगा।
इसके मुताबिक, सभी जिला और इकाई प्रमुखों को नियमित रूप से संपर्क सभाएं आयोजित करने, सभी पुलिसकर्मियों से सीधे बातचीत करने और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये घटनाक्रम ऐसे समय में हुए हैं, जब उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू मंगलवार को किंग्सवे कैंप स्थित उत्सव सदन में दिल्ली पुलिसकर्मियों के साथ बातचीत करने वाले हैं। शाम चार बजे होने वाले इस कार्यक्रम में कांस्टेबल से लेकर निरीक्षक स्तर तक के पुलिसकर्मी शामिल होंगे।
दिल्ली पुलिस ने 28 अक्टूबर को वशिष्ठ का तबादला गांधी नगर में उपमंडल पुलिस अधिकारी के पद से विशेष पुलिस इकाई महिला एवं बच्चों (एसपीयूडब्ल्यूएसी) में कर दिया है। वहीं, शाहदरा थाने के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार का तबादला सुरक्षा इकाई में कर दिया गया है।
भाषा नोमान नोमान वैभव
वैभव
वैभव