नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश मनमोहन ने सोमवार को कानूनी बिरादरी के सदस्यों से जिम्मेदारी से दीपावली मनाने का आग्रह किया। उन्होंने इस बात को दोहराया कि कानूनी पेशे में बड़ी संख्या में लोगों के जीवन को रोशन करने की क्षमता है।
न्यायमूर्ति मनमोहन और न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा ने पटियाला हाउस जिला अदालत परिसर में नयी दिल्ली बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित 'दीपावली महोत्सव समारोह' में भाग लिया। दोनों न्यायाधीशों ने जिला अदालत परिसर के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया।
न्यायमूर्ति मनमोहन ने कहा, ‘‘जब भी मैं पटियाला हाउस आता हूं, तो पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं। मध्यस्थता केंद्र, कियोस्क, कंप्यूटर कियोस्क के विकास और उद्घाटन की यादें; यहां लगाया गया राष्ट्रीय ध्वज, यह इमारत और हमने इसे पुनर्विकसित करने का जो प्रयास किया; यहां मौजूद खोमचे वालों को स्थानांतरित करके पुनर्वासित किया गया; और यहां तक कि इस इमारत का रंग, जो पेंट इस्तेमाल किया गया था और उस पर कितनी बहस हुई थी। लेकिन इन सबमें सबसे चुनौतीपूर्ण समय कोविड का था।'
शीर्ष अदालत के न्यायाधीश ने कहा कि दीपावली, प्रकाश का त्योहार होने के नाते, अंधेरे पर प्रकाश की जीत का प्रतीक है।
न्यायमूर्ति मनमोहन ने कहा, 'वास्तव में, इस संस्था (जिला अदालत) में बड़ी संख्या में लोगों के जीवन को रोशन करने की क्षमता है। कृपया यह न भूलें कि इस इमारत में आने वाले वादी, गवाह और साथ ही आगंतुक बहुत उम्मीद लेकर आते हैं। वे दिन के अंत में न्याय की तलाश में होते हैं। वास्तव में, एक न्यायाधीश किसी मामले को धैर्यपूर्वक सुनकर, एक वकील ईमानदारी से बहस करके, और स्टाफ आगंतुकों के प्रति शिष्टाचार दिखाकर वास्तव में एक दीया जला सकता है।’’
भाषा वैभव सुरेश
सुरेश