चंडीगढ़, दो नवंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के तीन विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर, कांग्रेस की पंजाब इकाई ने सोमवार को कहा कि सत्तारूढ़ दल एक ‘‘डूबता हुआ जहाज’’ है और भविष्य में इसके और भी नेता पार्टी छोड़ देंगे।
कांग्रेस के प्रदेश प्रमुख परगट सिंह ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए, 'आप' की तुलना ‘‘रेत की दीवार’’ से की और दावा किया कि जैसे ही इसकी कुछ ईंटें ढीली होंगी, पूरी दीवार ढह जाएगी।
आम आदमी पार्टी (आप) को एक झटका देते हुए, अमृतसर उत्तर के विधायक कुंवर विजय प्रताप, सनौर के विधायक पठानमाजरा और समाना के विधायक चेतन सिंह जौरामाजरा सोमवार को दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गए।
यह घटनाक्रम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी द्वारा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए 40 उम्मीदवारों की सूची जारी करने के कुछ ही दिनों बाद हुआ है।
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने आरोप लगाया कि खनन और अन्य गतिविधियों को लेकर सवालों के घेरे में आए नेता अब भाजपा की ओर जा रहे हैं।
सिंह ने कहा, ‘‘जो लोग सत्ता में रहने के दौरान लगभग पांच साल तक पंजाब के मुद्दों पर चुप रहे, वे सिर्फ राजनीतिक दल बदलकर अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकते।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) ने कुंवर विजय प्रताप सिंह को अपना 'पोस्टर बॉय' तो बनाया, लेकिन उन्हें खुलकर बोलने या काम करने की छूट नहीं दी।
सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन दिल्ली से आए और पंजाब सरकार पर अपना प्रभाव डाला। राज्य में लगभग 50,000 करोड़ रुपये की कथित लूट के लिए वे ही जिम्मेदार हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब में अपना ‘‘दिल्ली मॉडल’’ लागू किया, जिसमें पंजाबियों के ‘‘आत्मसम्मान’’ और उनके राजनीतिक नेतृत्व को दरकिनार कर दिया गया, जबकि सरकार दिल्ली से चलाई जा रही।
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि 'लैंड पूलिंग’ योजना को रद्द करने से पंजाब को एक संभावित नुकसान से बचाया जा सका है। उन्होंने लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपये की लूट का आरोप भी लगाया।
भाषा सुभाष माधव
माधव