(फोटो के साथ)
वाराणसी (उप्र), दो नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोमवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का बचाव किया और विपक्ष पर इस प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
हालांकि यहां इस वार्ता के दौरान सवालों से बचते हुए संबित पात्रा प्रेसवार्ता छोड़कर चले गये।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस दावे को खारिज करते हुए कि 13 करोड़ वोट ‘‘चुरा’’ लिए गए, पात्रा ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाया जाना चोरी नहीं है; बल्कि यह मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धीकरण की प्रक्रिया का हिस्सा है।
पुरी से लोकसभा सदस्य पात्रा ने वाराणसी में पत्रकारों से कहा कि एसआईआर मतदाता सूची को परिष्कृत करने के उद्देश्य से की जाने वाली एक प्रक्रिया है और नाम हटाए जाने को 13 करोड़ मतों की ‘‘चोरी’’ कहना गलत है।
उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है, पहले भी कई मौकों पर एसआईआर किया जा चुका है।
पात्रा ने यह भी कहा कि अगर किसी मतदाता का पता बदल जाता है, तो वह एक निर्धारित फॉर्म भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकता है।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सत्यापन करते हैं और जानकारी जुटाते हैं। पात्रा ने कहा कि राजनीतिक दलों को भी यह मौका दिया जाता है कि वे मतदाता सूची की जांच करा सकें।
पात्रा ने विपक्षी दलों से सवाल किया कि उनके ‘बूथ स्तरीय एजेंट’ सूची की जांच क्यों नहीं कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 13 करोड़ मतों की ‘‘चोरी’’ वाले आरोप का जवाब देते हुए, पात्रा ने कहा कि यह आंकड़ा उन मतदाताओं का है जो या तो अनुपस्थित हैं, कहीं और चले गए हैं, जिनकी मृत्यु हो गई है या जिनका नाम सूची में दो बार दर्ज है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम सूची से गायब हैं, वे तय प्रक्रिया का पालन करके अपना नाम फिर से जुड़वा सकते हैं।
पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए, पात्रा ने बताया कि कई विधानसभा क्षेत्रों में, जहां बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने की खबरें थीं, वहां तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी रहे।
उन्होंने मतदाता सूची में युवा मतदाताओं के जुड़ने का भी जिक्र किया और इस आरोप को गलत बताया कि युवाओं को उनके मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग की भूमिका का बचाव करते हुए, पात्रा ने कहा कि मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया आयोग के तय नियमों के अनुसार ही की जा रही है।
उन्होंने राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष की चुनावी हार का कारण मतदाता सूची में संशोधन नहीं, बल्कि उनकी अपनी राजनीतिक स्थिति है।
पात्रा ने पश्चिम बंगाल में घुसपैठ और उसके चलते ऐसे लोगों के मतदाता सूची में शामिल होने पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार केवल भारतीय नागरिकों के पास ही होना चाहिए।
संबित पात्रा वाराणसी के सर्किट हाउस में इस पत्रकार वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों के बीच घिरते दिखे और बाद में सवालों से बचते हुए पत्रकार वार्ता छोड़कर चले गए।
वाराणसी के एक पत्रकार ने संबित पात्रा से सवाल पूछा कि यदि कोई खबर छपी कि निर्वाचन आयोग मे कुछ भी ठीक नहीं है, तब मुख्य चुनाव आयुक्त को दोनों चुनाव आयुक्तों के साथ बैठकर पत्रकार वार्ता कर रखनी चाहिए थी। भाजपा के प्रवक्ताओं को इस पर बोलने की क्या जरुरत है।
इस पर सवाल पर पात्रा ने पत्रकारों को गोलमोल जवाब देना शुरू किया, जिस पर पत्रकारों ने विरोध जताया और कहा कि आप पत्रकारों के प्रश्न का सही उत्तर नहीं दे रहे हैं। इस पर संबित पात्रा प्रेस वार्ता छोड़कर चले गए।
इस बीच कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने इस घटना का जिक्र करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा के नेता निर्वाचन आयोग पर सफाई देने तो पहुंच जाते हैं, लेकिन जब काशी के निर्भीक पत्रकार जनता के वोटों का हिसाब और वाराणसी मंडल की सीटों पर जीत का जवाब मांगते हैं, तो संबित पात्रा जी सवालों से बचते नजर आते हैं।’’
राय ने यह सवाल किया , ‘‘भाजपा बताए, काशी की जनता के वोटों का हिसाब देने से आखिर इतना परहेज क्यों? लोकतंत्र में जनता का वोट सर्वोपरि है और उसके हर सवाल का जवाब देना सत्ता की जिम्मेदारी है। सत्ता के सामने निर्भीकता से सवाल उठाने वाले काशी के पत्रकारों को सलाम।’’
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अब्बास हैदर ने कहा कि पात्रा चुनाव आयोग के फैसलों का बचाव करते और उन्हें समझाते हुए नजर आए।
भाषा सं जफर आनन्द राजकुमार
राजकुमार