Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

यौन उत्पीड़न मामले में जेएनयू के बर्खास्त प्रोफेसर अकोइजाम ने अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख किया

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) कांग्रेस सांसद और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के बर्खास्त प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजाम ने यौन उत्पीड़न के एक मामले में अग्रिम जमानत के लिए यहां की एक अदालत का रुख किया है।

इस मामले को मंगलवार के लिए सूचीबद्ध किया गया है और विशेष न्यायाधीश दिग विनय सिंह की अदालत में इसकी सुनवाई होने की संभावना है।

अक्टूबर में जेएनयू ने यौन उत्पीड़न के आरोपों के चलते प्रोफेसर अकोइजाम को बर्खास्त कर दिया था। हालांकि, प्रोफेसर ने इस कार्रवाई को 'प्रतिशोध की भावना से की गई कार्रवाई' करार दिया है।

खबरों के मुताबिक, मई में कम से कम 11 छात्राओं ने प्रोफेसर अकोइजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराईं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अकोइजाम ने छात्राओं को बैठक करने के बहाने परिसर स्थित अपने आवास पर बुलाया और उनका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्होंने कक्षा में अश्लील और अनुचित टिप्पणियां कीं।

जेएनयू प्रशासन ने यौन उत्पीड़न की शिकायतों की वजह से अकोइजाम को बर्खास्त कर दिया।

पुलिस ने 12 अक्टूबर को इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

जेएनयू के मुख्य सुरक्षा अधिकारी (सीएसओ) द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत और सौंपे गए दस्तावेजों के आधार पर वसंत कुंज नॉर्थ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राथमिकी के अनुसार, विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति (आईसी) के सदस्यों द्वारा दर्ज किए गए आकलन और टिप्पणियों को आंतरिक जांच के बाद पुलिस को भेज दिया गया था।

इससे संबंधित एक घटनाक्रम में दिल्ली उच्च न्यायालय ने अकोइजाम को बर्खास्त करने संबंधी जेएनयू प्रशासन के आदेश पर सोमवार को रोक लगा दी।

उच्च न्यायालय ने बर्खास्तगी के आदेश को चुनौती देने वाली अकोइजाम की याचिका पर विश्वविद्यालय को नोटिस जारी किया और मामले को जनवरी में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप