चंडीगढ़, दो नवंबर (भाषा) कांग्रेस की हरियाणा इकाई ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की रैली की अभूतपूर्व सफलता के बाद ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को राज्य के हर गांव और मतदान केंद्र तक पहुंचाया जाएगा।
हरियाणा के कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में उमड़ी भारी भीड़ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अहंकार, सत्ता के दुरुपयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लगातार हो रहे हमलों के प्रति जनता के आक्रोश के साथ-साथ लोकतंत्र की रक्षा के उसके दृढ़ संकल्प को भी दर्शाया।
उन्होंने कहा कि रैली ने स्पष्ट संदेश दिया कि देश की जनता अपने मतदान के अधिकार, संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर किसी भी हमले को बर्दाश्त नहीं करेगी।
नेताओं ने कहा कि रामलीला मैदान में लोकतंत्र की रक्षा के लिए उठी बुलंद आवाज अब हरियाणा के गांव-गांव, गली-गली और प्रत्येक मतदान केंद्र तक पहुंचाई जाएगी।
रविवार को हुई रैली में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर भाजपा को सत्ता से हटाने का आह्वान किया था।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया था कि भविष्य में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाकर देशद्रोह के आरोप में जेल भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी कानून के शिकंजे से बचने नहीं दिया जाएगा।
दत्त ने कहा कि कांग्रेस इस संघर्ष को केवल रैलियों और जनसभाओं तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इसे जनता की भागीदारी से संचालित व्यापक जन आंदोलन में बदलेगी।
उन्होंने कहा कि इसी संकल्प के तहत कांग्रेस तीन नवंबर से 25 नवंबर तक राज्यव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का तीसरा चरण शुरू करेगी।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि इस अभियान की औपचारिक शुरुआत तीन नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विधानसभा क्षेत्र लाडवा से होगी और इसके बाद इसे राज्य के प्रत्येक जिले, ब्लॉक, गांव और मतदान केंद्र तक पहुंचाया जाएगा।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव