(तस्वीरों के साथ)
हैदराबाद, दो नवंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर तीखा पलटवार करते हुए सोमवार को कहा कि सरकार इस मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनौती दी कि वह इस मामले पर सदन में बहस करें।
शाह ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली को ‘‘घुसपैठियों को बचाने’’ वाली रैली बताते हुए, सवाल किया कि अगर ईवीएम ठीक नहीं हैं, तो कांग्रेस ने तेलंगाना समेत अन्य राज्यों में सरकारें कैसे बनाईं?
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी केवल ‘प्रतीकात्मक संसद’ (मॉक पार्लियामेंट) में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
शाह ने यहां भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करते हुए कहा, ‘‘राहुल हाथ में संविधान तो रखते हैं, लेकिन संविधान का सम्मान नहीं करते। राहुल जी, आप संसद को चलने नहीं देते। चाहे ईवीएम का मुद्दा हो, घुसपैठियों का मामला हो या कोई और बात, मैं आपको हैदराबाद से चुनौती देता हूँ। हम संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार हैं। आइए, चर्चा करें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम मतदाता सूची से हर घुसपैठिए को हटा देंगे।’’
शाह ने कहा कि अगर संसद का सत्र बुलाया जाता है, तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘‘कांग्रेस की धज्जियां उड़ा देंगे।’’
उन्होंने कांग्रेस पर अराजकता के जरिए सुर्खियों में बने रहने की चाहत रखने का आरोप लगाया।
शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मतदाता सूची में ‘‘बांग्लादेश से आए घुसपैठियों’’ को बचाने के लिए एसआईआर प्रक्रिया को रोकने की कोशिश की।
उन्होंने कहा, ‘‘घुसपैठियों को देश से बाहर निकाला जाना चाहिए या नहीं? एसआईआर कराया जाना चाहिए या नहीं? पूरी कांग्रेस और उसके साथी एसआईआर को रोकने में लगे हुए हैं। क्योंकि ये घुसपैठिए उनका वोट बैंक हैं।’’
यह उल्लेख करते हुए कि भाजपा कार्यकर्ता एसआईआर के साथ खड़े हैं, उन्होंने कहा कि केवल देश के नागरिकों को ही वोट देने का अधिकार होना चाहिए।
कांग्रेस के इस आरोप का जिक्र करते हुए कि भाजपा की जीत एसआईआर की वजह से हुई, उन्होंने पूछा कि क्या 2014 और 2019 के चुनावों में भाजपा की जीत एसआईआर के कारण हुई थी, जबकि उस समय तो यह प्रक्रिया की ही नहीं गई थी?
दिल्ली में आयोजित प्रतीकात्मक संसद (मॉक पार्लियामेंट) के बारे में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को इसमें प्रधानमंत्री की भूमिका निभानी चाहिए थी।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या मैं बताऊं क्यों? क्योंकि वास्तविक संसद में वह (राहुल गांधी) कभी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे... इसलिए, इससे सोनिया गांधी को सुकून मिलेगा।’’
शाह ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता के सामने कांग्रेस कहीं नहीं टिकती।
राहुल गांधी के ‘‘हर तीन-चार महीने’’ में विदेश जाने पर तंज कसते हुए, शाह ने कहा कि कड़ी मेहनत करने और लोगों की समस्याओं का समाधान करने की जरूरत होती है।
उन्होंने सवाल किया कि अगर ईवीएम ठीक नहीं हैं, तो कांग्रेस ने तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव कैसे जीता?
तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, गुजरात, त्रिपुरा और ओडिशा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन राज्यों में कांग्रेस दशकों से सत्ता में नहीं है।
शाह ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या ऐसा ‘एसआईआर’ की वजह से है।
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी खुद ही ‘वेंटिलेटर’ पर है, तो क्या वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ मैराथन दौड़ सकती है?
शाह ने पदयात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज थाम रखा था और उनके साथ केंद्रीय कोयला मंत्री किशन रेड्डी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार तथा भाजपा की तेलंगाना इकाई के अन्य नेता मौजूद थे।
पदयात्रा बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से मोजमजाही मार्केट तक हुई।
शाह पदयात्रा में हिस्सा लेने के लिए सोमवार दोपहर यहाँ बेगमपेट हवाई अड्डा पहुँचे।
यहाँ पहुँचने के तुरंत बाद, उन्होंने चारमीनार स्थित देवी भाग्य लक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव