Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

पंजाब : ‘आप’ छोड़ भाजपा में शामिल होने वाले तीन नेताओं पर नजर

चंडीगढ़, दो नवंबर (भाषा) पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के तीन विधायक सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। यह घटनाक्रम ‘आप’ की ओर से पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने के एक दिन बाद हुआ। इसे राज्य में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

आइए ‘आप’ छोड़ भाजपा का दामन थामने वाले विधायकों पर नजर डालें-

1. कुंवर विजय प्रताप सिंह, विधायक, अमृतसर उत्तर

-भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी सिंह 2021 में पुलिस सेवा से समय से पहले सेवानिवृत्ति लेने के बाद ‘आप’ में शामिल हो गए। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनावों में वह अमृतसर उत्तर सीट से विधायक चुने गए।

सिंह पंजाब पुलिस के उस विशेष जांच दल (एसआईटी) का हिस्सा थे, जिसने 2015 में कोटकपूरा और बहिबल कलां में हुई पुलिस गोलीबारी की घटनाओं की जांच की थी।

उन्होंने फरीदकोट में 2015 में बेअदबी और पुलिस गोलीबारी से जुड़ी घटनाओं से निपटने के तरीके को लेकर ‘आप’ सरकार के प्रति गहरी नाराजगी जाहिर की थी।

पिछले साल जून में सिंह को पार्टी-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में ‘आप’ से पांच साल के लिए निलंबित कर दिया गया था। यह कदम तब उठाया गया था, जब सिंह ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ पंजाब सतर्कता ब्यूरो की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। मजीठिया को जून 2025 में आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

सिंह कई मुद्दों को लेकर ‘आप’ सरकार के खिलाफ मुखर रहे हैं। उन्होंने सोमवार को बताया कि पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

2.हरमीत सिंह पठानमाजरा, विधायक, सनौर

-पटियाला जिले के सनौर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक चुने गए पठानमाजरा के रिश्ते ‘आप’ नेतृत्व से पिछले साल उस समय खराब हो गए, जब उन्होंने राज्य में बाढ़ से निपटने के भगवंत मान सरकार के तौर-तरीके पर सवाल उठाए।

पठानमाजरा पिछले साल उनके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद विवादों में घिर गए थे। यह मामला जीरकपुर की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया था। महिला का आरोप है कि पठानमाजरा ने खुद को तलाकशुदा बताया और उसके साथ रिश्ता जोड़ा, बाद में 2021 में उन्होंने उससे शादी भी कर ली, जबकि वह शादीशुदा थे।

पंजाब पुलिस ने इस साल मार्च में मध्यप्रदेश के ग्वालियर से पठानमाजरा को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी उनके दुष्कर्म के मामले में पुलिस हिरासत से भागने के छह महीने से अधिक समय बाद हुई थी।

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने मई में पठानमाजरा को दुष्कर्म मामले में नियमित जमानत दे दी थी।

3. चेतन सिंह जौड़ामाजरा, विधायक, समाना

-पटियाला जिले की समाना विधानसभा सीट से पहली बार विधायक चुने गए जौड़ामाजरा को शुरू में भगवंत मान सरकार में मंत्री बनाया गया था। उन्हें स्वास्थ्य, जनसंपर्क, रक्षा सेवाओं और बागवानी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

हालांकि, 2024 में हुए मंत्रिमंडल फेरबदल के दौरान उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया।

जौड़ामाजरा स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए उस समय विवादों में घिर गए थे, जब उन्होंने बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के तत्कालीन कुलपति राज बहादुर को अस्पताल में एक गंदे गद्दे पर लेटने के लिए मजबूर किया था।

राज बहादुर ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपने साथ हुए “अपमानजनक व्यवहार” के बारे में बताया था और उनसे खुद को सेवा मुक्त करने का अनुरोध किया था।

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप