Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

मणिपुर में शांति बहाली के लिए भाजपा सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं: कांग्रेस नेता

इंफाल, पांच सितंबर (भाषा) मणिपुर में कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि हिंसा प्रभावित राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत सरकार अब तक कोई ठोस योजना नहीं बना पाई है।

सिंह की यह टिप्पणी राज्य के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम के विधानसभा में दिए गए बयान के बाद आई है।

गृह मंत्री ने बयान में कहा था कि मई 2023 में घाटी में रहने वाले मेइती और पहाड़ी इलाकों के कुकी समुदायों के बीच शुरू हुए जातीय संघर्ष में कम से कम 306 लोगों की मौत हुई है, जबकि 49 लोग अब भी लापता हैं।

कांग्रेस नेता ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया, “अब तक शांति बहाली के लिए कोई योजना नहीं बनाई गई है। राज्य सरकार के पास कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है।”

सिंह ने कहा कि वह हिंसा से प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘दो दिन पहले राज्य विधानसभा में सामान्य स्थिति बहाल करने और राज्य में एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक पंजी) की मांग पर चर्चा के दौरान काफी हंगामा हुआ था।’’

मणिपुर में हाल ही में जनगणना प्रक्रिया शुरू होने से पहले एनआरसी को अद्यतन करने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए थे।

केंद्र सरकार ने नागरिक संगठनों की मांग को ध्यान में रखते हुए सोमवार को मणिपुर में जनगणना कार्य को टाल दिया था।

सिंह ने कहा कि कांग्रेस विधायक राज्य के मुख्य मुद्दों पर विधानसभा में चर्चा की मांग करते रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘एनआरसी के लिए 1951 को आधार वर्ष बनाए जाने की लोगों की मांग को भाजपा सरकार ने खारिज कर दिया है।’’

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश