Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

कर्नाटक के शिक्षक अब नाम के पहले ‘टीआर’ लगा सकेंगे: मुख्यमंत्री शिवकुमार

(फाइल फोटो सहित)

बेंगलुरु, पांच सितंबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि राज्य के शिक्षक समाज में उनके योगदान के सम्मान के तौर पर अपने नाम से पहले ‘टीआर’ लगा सकते हैं।

शिवकुमार ने शिक्षक दिवस के अवसर पर यह घोषणा की।

यह चलन चिकित्सक के लिए ‘डॉ.’, इंजीनियर के लिए ‘ईआर’ और प्रोफेसर के लिए ‘प्रो’ जैसे पेशेवर संबोधनों की तरह होगा।

शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक शिक्षक हर उस व्यक्ति को तैयार करता है, जो आगे चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है। भारत के एक करोड़ से अधिक शिक्षक, जिनमें कर्नाटक के लगभग 4.5 लाख शिक्षक भी शामिल हैं, हर दिन हमारे बच्चों की सोच, चरित्र और भविष्य को आकार दे रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर डॉक्टर, इंजीनियर, किसान, अधिकारी, उद्यमी और नेता के पीछे एक शिक्षक होता है, जिसने सबसे पहले उनकी क्षमता को पहचाना और उन्हें यह दिखाया कि वे क्या हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इस शिक्षक दिवस पर कर्नाटक सरकार ने शिक्षकों के इस अमूल्य योगदान को सम्मान देने के लिए एक विशेष पहल करने का फैसला किया है। आज से कर्नाटक के शिक्षक गर्व के साथ अपने नाम के पहले ‘टीआर’ का इस्तेमाल कर सकते हैं।’’

इसे आजीवन सेवा का प्रतीक बताते हुए शिवकुमार ने कहा कि ‘टीआर’ केवल एक उपाधि नहीं है, बल्कि यह उन शिक्षकों के प्रति समाज की मान्यता को दर्शाता है, जिन्होंने दूसरों के जीवन को संवारने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने छात्रों का मार्गदर्शन करने, उनकी गलतियां सुधारने और उन्हें खुद पर विश्वास करने के लिए प्रोत्साहित करने वाले शिक्षकों के प्रति आभार जताते हुए कहा, ‘‘जो समाज अपने शिक्षकों का सम्मान करता है, वह अपने भविष्य का सम्मान करता है।’’

भाषा आशीष माधव

माधव