गुरुग्राम, पांच सितंबर (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने राजीव चौक के पास एक व्यक्ति का कथित रूप से अपहरण कर उसका एटीएम पिन हासिल करने और उसके बैंक खाते से धन निकालने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई है।
उसने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, व्यक्ति ने एक सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 अगस्त को राजीव चौक के पास चार युवकों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और उसे पीटा।
उसने बताया कि आरोपियों ने उसका एटीएम पिन हासिल करने के बाद उसके बैंक खाते से 10,000 रुपये निकाल लिए।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी उसे एक सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर सदर थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की एक टीम ने मामले के एक आरोपी निखिल को गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक के पास से गिरफ्तार किया। वह राजस्थान के झुंझुनू जिले के जोरबाबास गांव का रहने वाला है।
गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘पूछताछ में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल की गई कार किराये पर ली गई थी। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पैसे के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया। मामले की जांच जारी है।’’
भाषा
सिम्मी पवनेश
पवनेश