Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

शिअद महिला इकाई ने प्रदर्शन करके मान की पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की

चंडीगढ़, पांच सितंबर (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी गुरप्रीत कौर के खिलाफ शनिवार को यहां प्रदर्शन किया और उन पर दुष्कर्म के एक मामले को दबाने के लिए पांच करोड़ रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

गुरप्रीत कौर ने आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें ‘‘बेबुनियाद’’ बताया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री के आवास की ओर बढ़ने और वहां ‘घेराव’ करने के लिए बैरिकेड तोड़ने की कोशिश को लेकर शिअद सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल तथा अकाली दल विधायक गनीव कौर मजीठिया समेत पार्टी की कई महिला नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।

अकाली प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने से रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और इलाके में बैरिकेड लगाए गए थे। शिअद की महिला इकाई ‘स्त्री अकाली दल’ ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव की योजना बनाई थी।

पार्टी के अनुसार, हरसिमरत कौर बादल के नेतृत्व में महिला प्रदर्शनकारियों ने जब बैरिकेड पार करके मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की, तो चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और एक थाने ले गई।

अकाली दल के झंडे और तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रही महिला कार्यकर्ताओं ने सेक्टर 28 स्थित अकाली दल कार्यालय के पास सड़क पर बैठकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

इससे पहले, महिला प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए हरसिमरत ने मान की पत्नी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उन्होंने दुष्कर्म के एक मामले को दबाने के लिए पांच करोड़ रुपये लिये। उन्होंने पुलिस से मान की पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।

हरसिमरत को हिरासत में लिए जाने के बाद अकाली विधायक गनीव कौर मजीठिया ने कहा कि उन्हें सच बोलने से नहीं रोका जा सकता। पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया की पत्नी गनीव कौर मजीठिया ने कहा, ‘‘हमें सच के लिए लड़ने से नहीं रोका जा सकता।’’

तीन सितंबर को शिअद के एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात करके इस आरोप की स्वतंत्र जांच के लिए उनके हस्तक्षेप की मांग की थी कि मान की पत्नी ने दुष्कर्म के एक मामले को दबाने के लिए पांच करोड़ रुपये मांगे थे।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप