Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

दिल्ली में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव

नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) भारी बारिश के चलते शनिवार को दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। विभिन्न इलाकों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने के साथ यातायात बेहद धीमा हो गया।

सुबह साढ़े आठ बजे से साढ़े ग्यारह बजे के बीच सफदरजंग में 22 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इसी दौरान पालम में 25.2 मिमी, लोधी रोड पर 24.4 मिमी और रिज में 6.8 मिमी बारिश हुई।

भारी बारिश के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और धौला कुआं के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर पानी भर गया। संगम विहार में पालम एयरपोर्ट सुरंग और नीम चौक रोड के आसपास भी भारी जलभराव की सूचना मिली।

शकरपुर, लक्ष्मी नगर और महरौली-बदरपुर रोड पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली, जबकि संगम विहार के कई हिस्से पानी में डूब गए।

महिपालपुर में जलभराव की स्थिति सबसे गंभीर रही, जहां वाहन चालकों को पानी भरे रास्तों से गुजरने में परेशानी हुई।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर भी भारी जलभराव की सूचना मिली।

दिल्ली यातायात पुलिस ने ‘एक्स’ पर लोगों को जलभराव और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों के कारण कई स्थानों पर यातायात धीमा रहने को लेकर आगाह किया।

अपोलो अस्पताल और आश्रम चौक के बीच मथुरा रोड पर एक पेड़ गिरने की सूचना मिली।

सुबह साढ़े आठ बजे से साढ़े ग्यारह बजे के बीच आया नगर में 13.4 मिमी, पूसा में 13.5 मिमी, मयूर विहार में 7 मिमी, जाफरपुर में 2.5 मिमी, छतरपुर में 22 मिमी, जनकपुरी में 8.5 मिमी, नारायणा में 20.5 मिमी, झरोदा कलां में 4.5 मिमी और पीतमपुरा में 2.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

शहर में सुबह के ज्यादातर समय और दोपहर बाद तक ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी रहे।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन के शेष समय के लिए सामान्य ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया। विभाग ने गरज के साथ बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। शाम तक कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना बताई गई।

आईएमडी ने बताया कि रात के समय भी गरज के साथ बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

भाषा आशीष नेत्रपाल

नेत्रपाल