जयपुर, पांच सितंबर (भाषा) जयपुर में पांच साल की बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को जैसलमेर के रामदेवरा से पकड़ा गया और शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बच्ची की दादी ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया था। शिकायत में कहा गया कि बच्ची आरोपी को पहले से जानती थी। आरोप है कि करीब 15 दिन पहले आरोपी ने बच्ची को अकेला पाकर उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर बच्ची को जान से मारने की धमकी दी थी, जिससे वह डर गई थी। बच्ची डर के कारण कई दिनों तक घटना के बारे में किसी को नहीं बता सकी।
पुलिस के मुताबिक, करीब तीन दिन पहले जब वह अपनी दादी के साथ खेल रही थी, तभी आरोपी उनसे मिलने आया। आरोपी को सामने देखकर बच्ची ने अपनी दादी से उसके बारे में आपत्तिजनक व्यवहार के बारे में बताया। आरोपी के जाने के बाद बच्ची ने पूरी घटना के बारे में बताया, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी जयपुर से फरार होकर जैसलमेर के रामदेवरा चला गया था। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और जांच जारी है।
भाषा बाकोलिया नेत्रपाल आशीष
आशीष