Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

डीवीएसी ने द्रमुक नेता नेहरू से जुड़े परिसरों पर छापे मारे, स्टालिन ने ‘राजनीति से प्रेरित’ बताया

चेन्नई, पांच सितंबर (भाषा) सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) के अधिकारियों ने तमिलनाडु में कई स्थानों पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के पूर्व मंत्री के. एन. नेहरू से जुड़े परिसरों पर शनिवार को छापे मारे।

द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने इस कार्रवाई को ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ बताया।

तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के मंत्री आर. निर्मल कुमार ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नेहरू से जुड़े परिसरों पर छापेमारी सबूतों और शिकायतों के आधार पर की जा रही एक नियमित कानूनी प्रक्रिया है।

ऊर्जा संसाधन एवं विधि मंत्री निर्मल कुमार ने मदुरै में पत्रकारों से कहा, ‘‘यह राजनीतिक बदले की कार्रवाई नहीं है, जैसा कि आरोप लगाया जा रहा है। सतर्कता विभाग के कामकाज में हस्तक्षेप करने का अधिकार किसी को नहीं है।’’

नेहरू का आवास तिरुचिरापल्ली में है और वहां भी छापे मारे जा रहे हैं। इसके अलावा नेहरू के भाई से जुड़े परिसरों और चेन्नई समेत कई अन्य स्थानों पर भी छापेमारी जारी है।

पूर्व स्कूली शिक्षा मंत्री अनबिल महेश पोय्यामोझी और बड़ी संख्या में नेहरू के समर्थक उनके आवास के बाहर एकत्र हुए। नेहरू कुछ देर के लिए बाहर आए और समर्थकों से पार्टी कार्यालय जाने की अपील की।

सूत्रों ने बताया कि डीवीएसी की यह कार्रवाई नेहरू के नगर प्रशासन एवं जलापूर्ति मंत्री रहने के दौरान 2,538 लोगों की भर्ती में कथित अनियमितताओं से जुड़ी है।

नेहरू वर्तमान में तिरुचिरापल्ली पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और तमिलनाडु विधानसभा में द्रमुक के उपनेता हैं। वह मध्य तमिलनाडु में पार्टी के प्रमुख नेताओं में भी शामिल हैं।

डीवीएसी ने इससे पहले भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा सात (सी) और भारतीय न्याय संहिता के संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी जिसमें द्रमुक के प्रधान सचिव नेहरू, उनके भाइयों और कई अधिकारियों को नामजद किया गया है।

स्टालिन ने छापेमारी की कड़ी निंदा करते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय में मामला लंबित रहने और विधानसभा सत्र जारी रहने के बीच राज्य सरकार ‘‘राजनीतिक मकसद से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह छापेमारी विपक्ष को डराने की कोशिश है।

उन्होंने सत्तारूढ़ दल पर सत्ता हासिल करने के लिए अन्य दलों के विधायकों को अपने पक्ष में करने के वास्ते प्रलोभन देने का भी आरोप लगाया। टीवीके सरकार इस आरोप से पहले ही इनकार कर चुकी है।

स्टालिन ने कहा, ‘‘तमिलनाडु की जनता अच्छी तरह जानती है कि सरकार बनाने के लिए उन्होंने दूसरे दलों के विधायकों को इस्तीफा देने को राजी किया और विधानसभा परिसर में ही उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर लिया।’’

द्रमुक अध्यक्ष ने इसे ‘‘भारतीय लोकतंत्र का काला पक्ष’’ करार देते हुए सरकार की कार्रवाई को राजनीतिक हथकंडा बताया और कहा कि न तो नेहरू इससे डरेंगे और न ही द्रमुक।

स्टालिन ने कहा, ‘‘हम हर चीज का कानून के मुताबिक सामना करेंगे और जीतेंगे।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी सरकार की कार्रवाई को कानूनी रूप से चुनौती देगी।

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल