Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

पंजाब: भाजपा नेता सांपला बेहबल कलां गोलीबारी मामले में तीन सितंबर को एसआईटी के समक्ष पेश होंगे

होशियारपुर, 29 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता विजय कुमार सांपला ने शनिवार को कहा कि वह बेहबल कलां गोलीबारी मामले में तीन सितंबर को पंजाब पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष पेश होंगे।

एसआईटी 2015 की बेहबल कलां पुलिस गोलीबारी की घटना की जांच कर रही है।

एसआईटी ने सांपला को पूछताछ के लिए दो सितंबर को चंडीगढ़ में तलब किया था। हालांकि, जांच टीम को लिखे एक पत्र में उन्होंने दो सितंबर को पहले से तय कार्यक्रमों और बैठकों का हवाला देते हुए अपनी पेशी तीन सितंबर को तय करने का अनुरोध किया था।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सांपला ने कहा कि उन्होंने एसआईटी को विश्वास दिलाया है कि वह तीन सितंबर को उसके सामने पेश होंगे और जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

भाजपा नेता ने जांच से जुड़े दस्तावेजों की अपनी मांग भी दोहराई और दावा किया कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद एसआईटी ने उन्हें अब तक कोई भी आवश्यक दस्तावेज मुहैया नहीं कराए हैं।

इससे पहले, सांपला को पूछताछ के लिए 27 अगस्त को एसआईटी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन भाजपा नेता ने तब कहा था कि वह उस दिन पार्टी के कार्यक्रमों में व्यस्त थे।

फरीदकोट के बरगाड़ी में 2015 के दौरान बेअदबी की कई घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं के कारण फरीदकोट में बेअदबी की घटनाओं के खिलाफ प्रदर्शन हुए थे। बेहबल कलां में अक्टूबर 2015 में इसी तरह के एक प्रदर्शन में पुलिस की गोलीबारी में दो लोगों गुरजीत सिंह और कृष्ण भगवान सिंह की मौत हो गई थी जबकि फरीदकोट के कोटकपुरा में कुछ अन्य लोग घायल हो गए थे।

भाषा धीरज देवेंद्र

देवेंद्र