मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार, 13 सितंबर को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के छठे स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री संस्थान में ऑर्गन ट्रांसप्लांट यूनिट (अंग प्रत्यारोपण इकाई) का लोकार्पण करेंगे। इस यूनिट के शुरू होने से मरीजों को अंग प्रत्यारोपण की सुविधाएं और बेहतर तरीके से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
194 टेक्निकल कर्मचारियों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
स्थापना दिवस समारोह के दौरान सीएम योगी 194 टेक्निकल संवर्ग के कार्मिकों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान करेंगे। इससे संस्थान में मानव संसाधन को मजबूती मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को गति मिलेगी। इससे पहले इसी वर्ष संस्थान में 650 नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। वहीं, पिछले वर्ष 150 नए फैकल्टी सदस्यों को संस्थान से जोड़ा गया था। लगातार हो रही नियुक्तियों से संस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
ऊंचाहार में शिव महापुराण कथा में भी शामिल होंगे सीएम योगी
लखनऊ कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऊंचाहार में आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा में भी शामिल होंगे। यहां प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा शिव महापुराण कथा का वाचन करेंगे। इस कार्यक्रम के आयोजक कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दोनों कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी की जा रही हैं।