Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

UPSSSC Lekhpal Result: 'पूरी पारदर्शिता के साथ जारी हुआ लेखपाल परीक्षा परिणाम', आयोग ने आरोपों पर दिया जवाब

उत्तर प्रदेश लेखपाल भर्ती परीक्षा के परिणाम को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने स्थिति स्पष्ट की है। आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने कहा कि लेखपाल मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ जारी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश नहीं है।

सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और आयोग परीक्षाओं का आयोजन निर्धारित नियमों और निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत कर रहे हैं। परीक्षा परिणाम तैयार करने की पूरी प्रक्रिया सॉफ्टवेयर आधारित है, इसलिए इसमें मानवीय हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं रहती। ऐसे में रिजल्ट में किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना नहीं है।

लेखपाल परीक्षा परिणाम पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर हरिकेश चौरसिया ने कहा कि यदि किसी के पास अनियमितता से जुड़े कोई ठोस तथ्य हैं, तो उन्हें आयोग के सामने रखना चाहिए। बिना प्रमाण या तथ्य के आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना आधार के अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को भ्रमित कर रहे हैं या किसी अन्य उद्देश्य से इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। आयोग का उद्देश्य अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखना है। सचिव ने कहा कि आयोग भविष्य में भी परीक्षाओं के आयोजन और परिणामों की शुद्धता, विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

यूपीएसएसएससी ने 11 सितंबर 2026 को उत्तर प्रदेश लेखपाल भर्ती परीक्षा-2025 की मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम जारी किया था। इस भर्ती के जरिए प्रदेश में 7,994 लेखपाल पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। मुख्य लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल 28,409 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को अब अभिलेख परीक्षण (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया से गुजरना होगा।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि जारी किया गया परिणाम मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम है, अंतिम चयन सूची नहीं। अंतिम चयन दस्तावेज सत्यापन और भर्ती प्रक्रिया के अन्य निर्धारित चरण पूरे होने के बाद किया जाएगा। लेखपाल मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना परिणाम यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर देख सकते हैं। आयोग की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से जुड़ी आगे की प्रक्रिया और जरूरी दिशा-निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं को देखते रहें।