Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट

नयी दिल्ली, 29 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।

शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक और शुक्रवार के मुकाबले 0.1 डिग्री कम था।

वहीं, अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक और शुक्रवार के मुकाबले 0.6 डिग्री ज्यादा रहा।

पालम में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि एक दिन पहले के तापमान से 1.2 डिग्री कम है; लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया; अयानगर में न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के मुकाबले 0.2 डिग्री कम है।

आईएमडी ने अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। एक अधिकारी ने कहा, 'रविवार को भी बादल छाए रहने की संभावना है। सप्ताहांत में बारिश का कोई अनुमान नहीं है।'

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इस बीच, शनिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 'मध्यम' श्रेणी में रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 130 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में है। शुक्रवार को इसी समय एक्यूआई 128 दर्ज किया गया था।

सीपीसीबी के एक्यूआई पैमाने के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई “अच्छा”, 51 से 100 “संतोषजनक”, 101 से 200 “मध्यम”, 201 से 300 “खराब”, 301 से 400 “बहुत खराब” और 401 से 500 “गंभीर” श्रेणी में आता है।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश