Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

तारापीठ में काली पूजा के आयोजन के लिए पश्चिम बंगाल सरकार देगी पांच करोड़ रुपये: मुख्यमंत्री शुभेंदु

रामपुरहाट, 29 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 11 सितंबर को कौशिकी अमावस्या के अवसर पर मंदिर नगरी तारापीठ में लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना के मद्देनजर उचित व्यवस्था के लिए राज्य सरकार द्वारा पांच करोड़ रुपये देने की शनिवार को घोषणा की।

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार बीरभूम जिले के दौरे पर पहुंचे शुभेंदु ने यहां जिला प्रशासन के साथ बैठक की।

उन्होंने इसके बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंदिर नगरी आने वाले मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग के परिवारों के ठहरने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने जिलाधिकारी से कहा कि एक बड़ा पर्यटक आवास बनाया जाए ताकि मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग के लोग कम खर्च में वहां ठहर सकें।’’

उन्होंने कहा कि कौशिकी अमावस्या के अवसर पर तारापीठ में होने वाली व्यवस्थाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

शुभेंदु ने बीरभूम में पंचायतों, नगरपालिकाओं और लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाली सड़कों की मरम्मत के लिए 10 अक्टूबर की समयसीमा भी तय की। तारापीठ राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां महत्वपूर्ण धार्मिक अवसरों पर हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

शुभेंदु ने कहा, ‘‘तारापीठ जाने वाली सड़कों पर हर पांच किलोमीटर पर सहायता शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पुलिस बूथ, अस्थायी चिकित्सा सुविधाएं और ओआरएस पानी की व्यवस्था होगी। इसके अलावा लोक गीतों के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।’’

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि त्योहार के दौरान हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए जाएंगे।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव