Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

अमेरिकी ओपन: सिनर के बाहर होने और अल्काराज की वापसी से रोमांचक होगा खिताबी मुकाबला

न्यूयॉर्क, 29 अगस्त (एपी) पिछले साल कार्लोस अल्काराज और यानिक सिनर के दबदबे से शुरू से ही खिताब की तस्वीर साफ नजर आ रही थी, लेकिन इस बार सिनर के बाहर होने, चोट के बाद अल्कराज की वापसी और नोवाक जोकोविच की बढ़ती उम्र के बीच अमेरिकी ओपन का पुरुष वर्ग में खिताब के कई दावेदार दिख रहे हैं।

अमेरिकी खिलाड़ी फ्रांसेस टियाफो ने कहा, ‘‘बात अब भी वही है। खिताब के लिए आपको किसी भी तरह सात खिलाड़ियों को हराना ही होगा।’’

महिला वर्ग में भी मुकाबला काफी खुला नजर आ रहा है। दो बार की गत अमेरिकी ओपन चैंपियन एरीना सबालेंका विंबलडन के चौथे दौर में हार गई थीं और इसके बाद उन्होंने जिन दो हार्ड-कोर्ट टूर्नामेंट में हिस्सा लिया, उनमें भी उनका सफर आगे नहीं बढ़ सका। ऐसे में उनके लिए दुनिया की नंबर एक रैंकिंग बचाना मुश्किल हो गया है।

कई खिलाड़ी इस शीर्ष रैंकिंग की दौड़ में हैं और साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम का खिताब भी उनके लिए खुला हुआ है। तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला ने कहा कि इस समय ऐसा कोई एक या दो बेहद प्रभावशाली खिलाड़ी नहीं हैं, जिन्हें हराए बिना खिताब जीतना असंभव लगे।

पेगुला ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह टूर्नामेंट कुछ मायनों में ज्यादा खुला है, क्योंकि अब ज्यादा खिलाड़ियों के पास मौके हैं।’’

वह 2024 के फाइनल में सबालेंका से हार गई थीं और पिछले साल सेमीफाइनल में भी उन्हें सबालेंका ने ही हराया था।

अमेरिकी ओपन का मुख्य दौर रविवार से शुरू होगा। पेगुला आर्थर ऐश स्टेडियम में शुरुआती मुकाबले में उतरेंगी जबकि रात के सत्र में जोकोविच अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद 46 वर्षीय वीनस विलियम्स का सामना सोफिया केनिन से होगा।

ऑस्ट्रेलिया के छठी वरीयता प्राप्त एलेक्स डि मिनौर ने कहा, ‘‘ पिछले कुछ महीनों से शीर्ष खिलाड़ियों की चोटों के कारण काफी अनिश्चितता रही है। इससे दूसरे खिलाड़ियों को आगे आने का मौका मिला है।’’

2021 के चैंपियन दानिल मेदवेदेव की नजर भी अलेक्जेंडर ज्वेरेव और आर्थर फिल्स जैसे खिलाड़ियों पर है। फिल्स ने हाल ही में सिनसिनाटी ओपन जीता है।

अमेरिकी खिलाड़ियों के लिए भी यह बड़ा मौका है। किसी अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी ने 2003 के बाद से कोई ग्रैंड स्लैम खिताब नहीं जीता है। उस साल एंडी रोडिक ने अमेरिकी ओपन का खिताब अपने नाम किया था। बेन शेल्टन ने हाल में मॉन्ट्रियल में जीत दर्ज की है, जबकि टियाफो सिनसिनाटी में उपविजेता रहे। टेलर फ्रिट्ज पिछले साल अमेरिकी ओपन के फाइनल में सिनर से हार गए थे।

कुल मिलाकर इस बार अमेरिकी ओपन में किसी एक खिलाड़ी का दबदबा नजर नहीं आ रहा। यही वजह है कि पुरुष और महिला दोनों वर्गों में खिताब की दौड़ काफी रोमांचक रहने की उम्मीद है।

एपी

आनन्द नमिता

नमिता