Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

तेलंगाना: हैदराबाद में नीट-पीजी अभ्यर्थी ने आत्महत्या की

हैदराबाद, 29 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के हैदराबाद में शनिवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-परास्नातक (पीजी) की 26 वर्षीय महिला अभ्यर्थी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि अभ्यर्थी ने परीक्षा में शामिल होने से एक दिन पहले यह कदम उठाया।

पुलिस के अनुसार, आंध्र प्रदेश की रहने वाली अभ्यर्थी ने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर ली थी और उसने एक निजी छात्रावास के कमरे में अज्ञात जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वह पिछले सात महीने से छात्रावास में रहकर नीट-पीजी की तैयारी कर रही थी और रविवार को होने वाली परीक्षा देने वाली थी।

अधिकारी ने बताया कि कमरे से उसके द्वारा कथित रूप से लिखा गया एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने लिखा है कि वह इंटरमीडिएट (कक्षा 11-12) की पढ़ाई के समय से ही अवसाद से जूझ रही थी।

पुलिस के मुताबिक, महिला अभ्यर्थी ने सुसाइड नोट में परीक्षा के संबंध में कोई जिक्र नहीं किया था।

पुलिस ने बताया कि वह अवसाद के लिए दवा ले रही थी लेकिन ऐसा लगता है कि वह इससे उबर नहीं पाई और संभवत: इसी कारण उसने आत्महत्या कर ली।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अभ्यर्थी ने आज (शनिवार) सुबह अपने पिता से बात की थी। उसके पिता ने कहा था कि वे उससे मिलने आएंगे और अगले दिन उसे परीक्षा केंद्र तक ले जाएंगे। इसके बाद उसने अपने पिता का फोन नहीं उठाया, जिसके बाद उन्होंने छात्रावास के कर्मचारियों से संपर्क कर उसे देखने को कहा।’’

उन्होंने बताया, ‘‘कर्मचारियों ने उसे कमरे में बेहोशी की हालत में पड़ा पाया और अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’

चिक्कड़पल्ली थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव