Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

ईईएसएल, पीएनजीआरबी ने स्मार्ट घरेलू पीएनजी मीटर लगाने के लिए किया समझौता

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) ने घरों में पाइप के जरिये पहुंचने वाली रसोई गैस के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जाने में तेजी लाने को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर किए है।

बयान के अनुसार, इस समझौते का मकसद शहरी गैस वितरण (सीजीडी) क्षेत्र में स्मार्ट घरेलू पीएनजी मीटर को तेजी से अपनाने के लिए एक व्यवस्थित व्यवस्था तैयार करना है। इसके तहत सीजीडी कंपनियों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं, विनिर्माताओं और अन्य संबंधित पक्षों को एक मंच पर लाया जाएगा।

बयान में बृहस्पतिवार को कहा गया कि पीएनजीआरबी और ईईएसएल ने स्मार्ट घरेलू पीएनजी मीटर की मांग को एकत्रित करने और सीजीडी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर उनकी तैनाती को सक्षम बनाने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

एमओयू पर पीएनजीआरबी के सचिव अंजन कुमार मिश्रा और ईईएसएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अखिलेश कुमार दीक्षित ने हस्ताक्षर किए।

समझौते के तहत पीएनजीआरबी नियामकीय और क्षेत्रीय स्तर पर इस पहल को समर्थन देगा। इसके लिए स्मार्ट घरेलू पीएनजी मीटर से संबंधित मानकों, प्रमाणन, नियामकीय बदलाव, अनुरूपता मूल्यांकन और निरीक्षण से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी।

ईईएसएल ने अब तक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, दिल्ली, राजस्थान और अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में 44.5 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए हैं। कंपनी इन मीटर के आठ से 10 साल तक संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी संभाल रही है।

भाषा यासिर रमण

रमण