आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के साथ गठबंधन का ऐलान किया। विजय सरदेसाई की अगुवाई वाली GFP के साथ मिलकर बने इस गठबंधन का नाम ‘गोवा फर्स्ट’ रखा गया है। केजरीवाल ने इसे BJP और कांग्रेस के सामने एक नए राजनीतिक विकल्प के तौर पर पेश किया।
केजरीवाल ने कहा कि गोवा की जनता कई वर्षों से राज्य की राजनीतिक स्थिति देख रही है और उसे महसूस हो रहा है कि उसके पास कोई वास्तविक विकल्प नहीं है। इसी वजह से ‘गोवा फर्स्ट’ गठबंधन बनाना जरूरी हुआ। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि गोवा के लोगों के सामने अब तक BJP या कांग्रेस में से किसी एक को चुनने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। उन्होंने दोनों दलों के बीच आपसी समझ होने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि जनता एक ऐसे विकल्प की तलाश में थी, जो BJP और कांग्रेस दोनों से अलग हो। अब पहली बार ‘गोवा फर्स्ट’ के रूप में लोगों के सामने ऐसा विकल्प आया है। AAP संयोजक ने कहा कि जो लोग BJP को हराना चाहते हैं या कांग्रेस से निराश हैं, वे ‘गोवा फर्स्ट’ का समर्थन कर सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि यह केवल कागज पर बना गठबंधन नहीं है, बल्कि चुनाव जीतकर सरकार बनाने की क्षमता रखता है।
केजरीवाल ने कहा कि ‘गोवा फर्स्ट’ अपने दम पर सरकार बनाएगा और यह गठबंधन गोवा की जनता के प्रति ईमानदार और वफादार रहेगा। फिलहाल गोवा में BJP की सरकार है और प्रमोद सावंत मुख्यमंत्री हैं। राज्य में अगला विधानसभा चुनाव 2027 में होने की उम्मीद है। AAP फिलहाल पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार चला रही है। दिल्ली में भी पार्टी की मजबूत राजनीतिक मौजूदगी रही है।