राजस्थान में शहरी निकाय चुनाव के बाद अब मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जयपुर नगर निगम समेत जयपुर जिले के 18 अन्य नगरीय निकायों के वोटों की गिनती सोमवार, 14 सितंबर को होगी। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों की मतगणना सीकर रोड स्थित श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में होगी। इसके लिए 15 मतगणना कक्ष बनाए गए हैं, जहां कुल 150 टेबल लगाई गई हैं।
वार्ड 1 से 150 तक की मतगणना संबंधित विधानसभा क्षेत्र और वार्ड संख्या के आधार पर निर्धारित कक्षों में की जाएगी। इनमें विद्याधर नगर, झोटवाड़ा, सांगानेर, बगरू, मालवीय नगर, सिविल लाइंस, किशनपोल, आदर्श नगर, हवामहल और आमेर क्षेत्र के वार्ड शामिल हैं। जयपुर जिले के बाकी 18 नगरीय निकायों में दो नगर परिषद और 16 नगरपालिकाएं शामिल हैं। इनके लिए अलग-अलग निर्धारित स्कूलों और अन्य स्थानों पर 18 मतगणना कक्ष बनाए गए हैं। यहां कुल 120 टेबल पर वोटों की गिनती होगी।
कनोटा के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, वाटिका के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक केंद्र, जमवारामगढ़ और मनोहरपुर के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शाहपुरा के श्री कल्याण सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समेत अन्य केंद्रों पर मतगणना होगी। जयपुर जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने अधिकारियों को मतगणना शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुरक्षा, कर्मचारियों की तैनाती, EVM के सुरक्षित भंडारण और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना केंद्रों में सिर्फ अधिकृत प्रवेश पास वाले लोगों को ही जाने की अनुमति होगी। बिना वैध अनुमति के किसी भी व्यक्ति को मतगणना परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ था। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में 147 नगरीय निकायों में 70.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।