Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

वारी एनर्जीज की इकाई के संयंत्र की डीआरआई अधिकारियों ने तलाशी ली

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने गुजरात के नवसारी में वारी एनर्जीज की एक अनुषंगी कंपनी के विनिर्माण संयंत्र की तलाशी ली है।

वारी एनर्जीज ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि संगम सोलर वन प्राइवेट लिमिटेड के इस संयंत्र में बृहस्पतिवार को तलाशी ली गई और यह शाम 6.40 बजे तक जारी रही।

कंपनी ने कहा, 'डीआरआई ने गुजरात के नवसारी जिले के गांव उन्न में स्थित संगम सोलर वन प्राइवेट लिमिटेड के विनिर्माण संयंत्र की तलाशी ली। यह वारी एनर्जीज के पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है।'

तलाशी की यह कार्रवाई निर्यात प्रोत्साहन के लिए पूंजीगत वस्तु (ईपीसीजी) योजना के तहत आयात किए गए कुछ स्टेनलेस स्टील पाइप एवं ट्यूब के वर्गीकरण तथा उन पर डंपिंग-रोधी शुल्क (एडीडी) लागू होने की स्थिति से संबंधित थी।

वारी एनर्जीज ने कहा कि उसने 2,33,82,930 रुपये का डंपिंग-रोधी शुल्क और उस पर लागू ब्याज पहले ही जमा कर दिया है।

एक अलग सूचना में कंपनी ने कहा कि उसके पूर्ण-स्वामित्व वाली अनुषंगी वारी फॉरएवर एनर्जीज प्राइवेट लिमिटेड (डब्ल्यूएफईपीएल) के जरिये उसे सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (सेकी) से महाराष्ट्र में सौर परियोजना और बैटरी भंडारण प्रणाली विकसित करने का ठेका मिला है।

इस ऑर्डर में सोलापुर में 700 मेगावाट की सौर परियोजना और 700 मेगावाट/2,800 मेगावाट की ऊर्जा भंडारण प्रणाली (ईएसएस) शामिल है।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण