Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

प्रधानमंत्री मोदी ने समाज सुधारकों महात्मा अय्यंकाली, श्री नारायण गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को केरलम के प्रसिद्ध समाज सुधारकों महात्मा अय्यंकाली और श्री नारायण गुरु की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उन्हें सामाजिक न्याय के महान अग्रदूतों के रूप में याद किया जाता है।

मोदी ने कहा कि महात्मा अय्यंकाली का जीवन सामाजिक सशक्तीकरण के लिए काम करने वाले सभी लोगों को शक्ति प्रदान करता है।

प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महात्मा अय्यंकाली की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि! महात्मा अय्यंकाली को सामाजिक न्याय के महान अग्रदूत के रूप में याद किया जाता है। वंचित वर्गों के लिए शैक्षणिक अवसर सुनिश्चित करने, कृषि श्रमिकों के जीवन को बेहतर बनाने और गरीबों की सेवा करने के उनके प्रयास आज भी बेहद प्रेरणादायक हैं। उनका जीवन सामाजिक सशक्तीकरण के लिए काम करने वाले सभी लोगों को शक्ति और प्रेरणा देता है।”

श्री नारायण गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह एक महान समाज सुधारक, आध्यात्मिक नेता और विचारक थे और उन्होंने अपना जीवन गरिमा और करुणा पर आधारित समाज के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके विचारों ने अनगिनत लोगों को शक्ति प्रदान की। शिक्षा और ज्ञान पर उनका विशेष ध्यान भी उल्लेखनीय था।’’

महात्मा अय्यंकाली (1863–1941) ने तत्कालीन रियासत त्रावणकोर में उत्पीड़ित जातियों के अधिकारों के लिए आंदोलन का नेतृत्व किया और उन्हें केरलम के इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण हस्तियों में से एक माना जाता है।

श्री नारायण गुरु (1856–1928) केरलम के एक संत, दार्शनिक और समाज सुधारक थे।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप