Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

कानपुर में 20 फुट गहरे बोरवेल में गिरी किशोरी, बचाव अभियान जारी

कानपुर (उप्र), 28 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में शुक्रवार सुबह एक घर के आंगन में बने बंद पड़े बोरवेल में एक लड़की गयी गयी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6:40 बजे उस समय हुआ, जब किशोरी अपने भाई को राखी बांधने की तैयारी कर रही थी, और इसी दौरान बोरवेल को ढकने के लिए डाली गई मिट्टी अचानक धंस गई जिससे लड़की उसमें जा गिरी।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि किशोरी करीब 20 फुट गहराई में फंसी हुई है। सूचना मिलने के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।

उन्होंने बताया कि किशोरी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बोरवेल के समानांतर जेसीबी मशीनों की मदद से गड्ढा खोदा जा रहा है और दोपहर तक करीब 12 फुट तक खुदाई पूरी हो चुकी थी। बचाव अभियान में लगभग 60 कर्मी जुटे हुए हैं।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि समय बीतने के साथ किशोरी के जीवित बचने की संभावना चुनौतीपूर्ण होती जा रही है, लेकिन उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा।

मकान की स्थिति कमजोर होने के कारण बचाव दल बेहद सावधानी से खुदाई कर रहा है, ताकि आसपास की जमीन या इमारत में दोबारा धसाव न हो। मुख्य दमकल अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि बचाव अभियान के साथ-साथ मकान की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

परिजनों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले घर के अंदर एक बोरवेल खोदा गया था। काम अधूरा रहने के कारण उसे बंद कर दिया गया था और बाद में दूसरी जगह नया बोरवेल खोदा गया। आशंका जताई जा रही है कि पुराने बंद बोरवेल के आसपास की जमीन पहले से कमजोर थी और हाल में हुई बारिश के बाद मिट्टी धंसने से यह हादसा हुआ।

भाषा सं आनन्द मनीषा रंजन

रंजन

रंजन