Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

उप्र : हरदोई के एक गांव में हथगोला मिलने से हड़कंप, पुलिस ने जांच शुरू की

हरदोई (उप्र), 28 अगस्त (भाषा) हरदोई जिले के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में हथगोला मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के जोधन पुरवा गांव निवासी सतीश कुमार ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार रात किसी ने उनके घर के अंदर पॉलीथिन में लिपटी एक संदिग्ध वस्तु फेंकी थी।

सतीश के अनुसार, संदिग्ध वस्तु पहले घर में रखे तिरपाल पर गिरी, फिर जमीन पर और उसके बाद पानी में जा गिरी। उन्होंने पॉलीथिन को उठाकर घर के बाहर फेंक दिया, लेकिन उस समय उन्हें पता नहीं था कि उसमें क्या है। सुबह पॉलीथिन खोलकर देखने पर उसमें हथगोला मिला तो उनके होश उड़ गए।

संदिग्ध वस्तु की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सतीश ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए सांडी क्षेत्र में रहने वाले अपने रिश्तेदारों पर हथगोला फेंकने का आरोप लगाया है।

सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घर के सामने खेत में पड़े हथगोले को कब्जे में ले लिया।

हरपालपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रवीण यादव ने बताया कि बम निरोधक दस्ते को सूचना दे दी गई है। दस्ता मौके पर पहुंचकर हथगोले की जांच करेगा।

उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथगोला कहां से आया और घटना के पीछे क्या कारण है। मामले की जांच जारी है।

भाषा सं आनन्द

मनीषा खारी

खारी