Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

कोझिकोड में पुलिस का एसआई बनकर मादक पदार्थ जब्त करने और बेचने का आरोपी गिरफ्तार

कोझिकोड (केरलम), 28 अगस्त (भाषा) केरलम के कोझिकोड में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है जो उप निरीक्षक बनकर मादक पदार्थ तस्करों से नशीला पदार्थ जब्त करता और बाद में उन्हें बेच देता था। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान जिले में फेरोक के पास चुंगम कल्लीथोड के रहने वाले रोजित के तौर पर हुई है।

पुलिस ने बताया कि कोझिकोड शहर के अलग-अलग इलाकों से ऐसी शिकायतें आ रही थीं कि एक व्यक्ति खुद को उप निरीक्षक बताकर युवाओं से पैसे वसूल रहा है जिसके बाद जिला स्वापक रोधी विशेष कार्य बल (डीएएनएसएएफ) ने जांच शुरू की। निगरानी के दौरान मिली विशिष्ट जानकारी के आधार पर डीएएनएसएएफ की टीम ने फेरोक पुलिस के साथ मिलकर बृहस्पतिवार रात रमनट्टुकारा के वैद्यरंगडी में रोजित को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी डीएएनएसएएफ अधिकारी बनकर अलग-अलग जगहों पर तलाशी लेता था और अवैध मादक पदार्थ विशेष तौर पर एमडीएमए जब्त करता था।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद वह इन जब्त मादक पदार्थ को खरीदारों को बेच देता था और इस तरह बड़े पैमाने पर लेन-देन कर काफी मुनाफा कमाता था।

अधिकारियों ने बताया कि वह उन लोगों से भी पैसे वसूलता था जिनके पास से वह मादक पदार्थ जब्त करता था।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय उसके पास से सिर्फ 2.5 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ था लेकिन आरोप है कि उसने कोझिकोड शहर में कई खरीदारों को मादक पदार्थ बेचे थे।

पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान हथकड़ी, एक एयर पिस्तौल, नकली पुलिस पहचान पत्र और पुलिस की वर्दी पहने हुए रोजित की पासपोर्ट साइज तस्वीरें भी जब्त की गईं।

उन्होंने कहा कि जांच का दायरा बढ़ाते हुए उसके पैसों के लेन-देन, बैंक खातों और मादक पदार्थ तस्करों के साथ अन्य संभावित संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।

भाषा सुरभि रंजन

रंजन