Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

ट्रांसजेंडर अभिनेत्री को बदनाम करने के आरोप में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर मामला दर्ज

त्रिशूर (केरल), 28 अगस्त (भाषा) ट्रांसजेंडर मॉडल एवं अभिनेत्री दीप्ति कल्याणी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने एवं मानहानिकारक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, त्रिशूर सिटी साइबर पुलिस ने कल्याणी द्वारा हाल में त्रिशूर शहर के पुलिस आयुक्त से की गई शिकायत के आधार पर धन्या एसआर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम एवं ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, ‘‘हेलेन ऑफ स्पार्टा’’ नाम से सोशल मीडिया खातों और यूट्यूब चैनलों पर सामग्री पोस्ट करने वाली धन्या ने हाल में दीप्ति और उनके परिवार के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियों वाला एक वीडियो बनाया था।

पुलिस ने बताया कि धन्या को पूछताछ के लिए तलब किया जाएगा और मामला दर्ज किए जाने के बाद प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है।

पिछले महीने धन्या के खिलाफ उनके गृह जिले कासरगोड में कथित तौर पर शराब के नशे में लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद उनका ड्राइविंग लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया था।

भाषा मनीषा रंजन

रंजन