Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

मप्र : राजगढ़ में पुल की सुरक्षा दीवार से स्लीपर बस टकराई, पांच की मौत, 12 घायल

राजगढ़ (मप्र), 28 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार स्लीपर बस के पुल की सुरक्षा दीवार से टकरा जाने से पांच लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि हादसा सुबह करीब सात बजे ब्यावरा में भोपाल बाईपास पुल पर हुआ।

उन्होंने बताया कि बस उत्तर प्रदेश के कानपुर से इंदौर जा रही थी और पुल पर मोड़ लेते समय चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सुरक्षा दीवार से जा टकराई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को ब्यावरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। इनमें से गंभीर रूप से घायल चार व्यक्तियों को उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है।

राजगढ़ के पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने बताया कि हादसे में एक पुलिसकर्मी समेत पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि दो महिलाओं समेत 12 लोग घायल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की खिड़कियों के शीशे टूट गए और ऊपरी स्लीपर बर्थ पर सो रहे यात्री बस से बाहर गिर गए।

मृतकों की पहचान बेंगलुरु के पुलिस निरीक्षक रवि केपी (45), उत्तर प्रदेश के फतेहपुर निवासी बस चालक विकास शुक्ला (29), बिहार के गोपालगंज निवासी बेलाल अली (23), उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी गुड्डू कुशवाह और विजयवाड़ा निवासी ज्योतिरादित्य सिंह के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार प्रतीत हो रहा है।

भाषा सं दिमो

मनीषा

मनीषा