Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

प्रशांत किशोर ने मुख्य सचिव से की मुलाकात, बांकीपुर की समस्याओं पर हुई चर्चा

पटना, 27 अगस्त (भाषा) जन सुराज पार्टी के संस्थापक एवं बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने बृहस्पतिवार को बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत से मुलाकात कर अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की।

हालिया विधानसभा उपचुनाव में पहली बार जीत दर्ज करने वाले किशोर ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य की राजधानी के मध्य स्थित बांकीपुर क्षेत्र की अनेक समस्याएं बैठक में उठाई गईं।

किशोर ने कहा, “आज की बैठक को पिछले सप्ताह पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के साथ हुई मेरी बैठक की अगली कड़ी के रूप में देखा जाना चाहिए। आज की बैठक में डीजीपी के अलावा प्रधान सचिव स्तर के पांच अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।”

उन्होंने बताया कि अगले महीने शिक्षा विभाग की बैठक आयोजित करने पर भी सहमति बनी है, जिसकी अध्यक्षता मुख्य सचिव करेंगे।

किशोर ने कहा कि वह स्वयं भी इस बैठक में शामिल होंगे और इसकी विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।

जन सुराज प्रमुख ने कहा कि मुख्य सचिव ने यह भी आश्वासन दिया कि लाभुकों को हर महीने निर्धारित पांच किलोग्राम खाद्यान्न नहीं मिलने तथा पेयजल आपूर्ति की कमी से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बैठक में पटना नगर निगम आयुक्त भी उपस्थित थे और स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जलनिकासी, गलियों तथा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था में सुधार पर भी चर्चा हुई।

किशोर ने कहा, ‘‘नशाखोरी, यातायात प्रबंधन तथा सड़क किनारे अतिक्रमण के मुद्दों पर डीजीपी के साथ पिछली बैठक में भी चर्चा हुई थी। आज इन विषयों पर फिर विचार-विमर्श हुआ और सभी समस्याओं के समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।”

भाषा कैलाश शफीक

शफीक