Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

झारखंड सरकार ने नेपाल में आई बाढ़ से प्रभावित राज्य के लोगों के बारे में जानकारी मांगी

रांची, 27 अगस्त (भाषा) झारखंड सरकार ने बृहस्पतिवार को नेपाल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को पत्र लिखकर हिमालयी देश में आई बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित हुए राज्य के कामगारों, पर्यटकों और अन्य लोगों के बारे में जानकारी मांगी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

नेपाल में बुधवार को तीन जिलों में कहर बरपाने वाली भीषण बाढ़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 177 हो गई है। इस आपदा में 300 से अधिक भारतीय पर्यटकों समेत कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।

एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘हमने वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों, उत्प्रवासी संरक्षी (प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स) और कोलकाता स्थित नेपाल के महावाणिज्य दूतावास को पत्र लिखकर बाढ़ और भूस्खलन में फंसे या प्रभावित हुए हमारे नागरिकों के बारे में कोई भी उपलब्ध जानकारी मांगी है। इसके अलावा, हमने झारखंड मूल के उन लोगों के बारे में भी जानकारी मांगी है, जिन्हें बचाया गया है, जो लापता हैं या फंसे हुए हैं।”

अधिकारी ने बताया कि अब तक इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है।

सरकार ने संबंधित अधिकारियों से ऐसे लोगों की स्थिति के बारे में उपलब्ध जानकारी साझा करने को कहा है, ताकि झारखंड में उनके परिवारों को सूचित किया जा सके और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब नेपाल में बाढ़, भूस्खलन तथा सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान के बीच बचाव एवं राहत अभियान जारी है।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश