Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

लासलगांव से 450 टन प्याज लेकर दिल्ली रवाना हुई ‘कांदा एक्सप्रेस’

नासिक, 26 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक जिले में एशिया की सबसे बड़ी प्याज थोक मंडी लासलगांव से करीब 450 टन प्याज लेकर एक विशेष मालगाड़ी बुधवार दोपहर दिल्ली के लिए रवाना हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कुछ देरी के बाद 21 डिब्बों वाली ‘कांदा एक्सप्रेस’ दोपहर करीब 3.10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। इसके बृहस्पतिवार देर रात तक दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है।

दिल्ली के बाजारों में प्याज की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के प्रयासों के तहत उपभोक्ता मामलों के विभाग के निर्देश पर इस ट्रेन की व्यवस्था की गई थी।

केंद्र सरकार ने शहरी उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मूल्य स्थिरीकरण कोष के तहत खरीदे गए बफर स्टॉक में से 840 टन प्याज दिल्ली भेजने का फैसला किया है।

लासलगांव के स्टेशन प्रबंधक प्रितेश दुबे ने कहा, ‘‘करीब 450 टन प्याज ‘कांदा एक्सप्रेस’ से दिल्ली भेजी जा रही है। मराठी में प्याज को ‘कांदा’ कहा जाता है। ट्रेन दिल्ली के पास आदर्शनगर स्टेशन पहुंचेगी। हम ट्रेन को जल्द से जल्द गंतव्य तक पहुंचाने के प्रयास कर रहे हैं, ताकि दिल्ली के लोगों को कुछ राहत मिल सके।’’

भाषा योगेश रमण

रमण