Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

आप ने कथित घोटालों को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली सरकार में कथित घोटालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को यहां उपराज्यपाल कार्यालय के पास प्रदर्शन किया।

आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पार्टी विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री आशीष सूद के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए।

भारद्वाज ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मौजूदा भाजपा सरकार के तहत तीन बड़े घोटाले हमारे सामने आए हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल के रूप में सतर्कता विभाग आपके अधीन आता है और इन घोटालों की जांच कराना आपकी जिम्मेदारी है। हमने पहले भी कई बार आपसे मिलने का अनुरोध किया है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने के बाद हम व्यक्तिगत रूप से आपसे मिलने आए हैं।’’

आप सदस्यों ने प्रदर्शन स्थल के पास एक ‘‘साइकिल प्रदर्शनी’’ भी लगाई और आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार द्वारा स्कूली छात्राओं को बांटने के लिए खरीदी गई साइकिलें खुदरा दुकानों में उपलब्ध समान साइकिलों की तुलना में अधिक कीमत पर खरीदी गईं।

आप विधायक जरनैल सिंह ने कहा, ‘‘जैसा कि आप देख सकते हैं, 4,200 रुपये की खुदरा कीमत वाली साइकिल के टायर, पैडल और अन्य हिस्से काफी बेहतर हैं। जबकि रेखा गुप्ता सरकार ने इसी कंपनी की साइकिल थोक कीमत पर 6,957 रुपये में खरीदी।’’

उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू प्रदर्शनकारियों से नहीं मिले, लेकिन उन्हें अगले महीने मिलने का समय दिया है।

आप के सदस्य पिछले कुछ समय से कथित घोटालों का मुद्दा उठा रहे हैं और इस महीने की शुरुआत में मानसून सत्र के दौरान साइकिल चलाकर दिल्ली विधानसभा भी पहुंचे थे।

सूद ने पहले कहा था कि दिल्ली सरकार की ‘विद्या वाहिनी’ योजना के तहत वितरित की गई साइकिलें जीईएम पोर्टल के जरिए पारदर्शी तरीके से खरीदी गई थीं। सूद ने आप के आरोपों को ' राजनीतिक शोर' करार देते हुए खारिज कर दिया और कहा था कि ये आरोप पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल के प्रति अपनी वफादारी साबित करने की कोशिश के तहत लगाए जा रहे हैं।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश