Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

चंडीगढ़ कांग्रेस ने ‘चीनी लंगर’ लगाकर महंगाई के मुद्दे पर केंद्र को घेरा

चंडीगढ़, 26 अगस्त (भाषा) कांग्रेस की चंडीगढ़ इकाई ने बुधवार को आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और यहां जरूरतमंद लोगों के बीच चीनी के पैकेट वितरित करने के लिए ‘चीनी लंगर’ लगाया।

यहां स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच एस लकी ने किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर बढ़ती महंगाई का बोझ आम लोगों पर डालने का आरोप लगाया।

लकी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान जरूरतमंद लोगों को चीनी के 500 पैकेट वितरित किए गए।

पार्टी के अनुसार, पहले करीब 45 रुपये प्रति किलोग्राम मिलने वाली चीनी अब 70-75 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है।

लकी ने कहा कि सरसों के तेल, रिफाइंड तेल, दालों और अन्य आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतें भी लगातार बढ़ी हैं, जिससे परिवारों के बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।

उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और गरीब तथा मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘चीनी जैसी रोजमर्रा की जरूरत के सामान की कीमत में भारी बढ़ोतरी साबित करती है कि सरकार का महंगाई पर कोई नियंत्रण नहीं है। भाजपा सरकार ने अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति ऐसी है कि लोगों को रसोई का खर्च चलाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।’’

उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को उजागर करने के लिए पार्टी आने वाले दिनों में चंडीगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में इसी तरह के ‘लंगर’ लगाएगी। इनमें प्याज, टमाटर, सरसों तेल, रिफाइंड तेल और दालों के लंगर शामिल होंगे।

लकी ने कहा, ‘‘आज चीनी बांटकर हमने सरकार को संदेश दिया है कि लोगों की रसोई के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को तत्काल महंगाई पर लगाम लगानी चाहिए और गरीब तथा मध्यम वर्ग को राहत देनी चाहिए।’’

भाषा शोभना पवनेश

पवनेश