Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

विजयन ने कन्नूर भूस्खलन के पीछे राष्ट्रीय राजमार्ग की डिजाइन संबंधी खामियों को जिम्मेदार ठहराया

कन्नूर (केरलम), 26 अगस्त (भाषा) केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने बुधवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग में डिज़ाइन की खामी के कारण यहां भारी बारिश के बाद इलायावूर में मिट्टी धंसने की घटना हुई एवं सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।

भूस्खलन के बाद प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के एक दिन बाद विजयन ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) 2023 में वहां ऐसा ही भूस्खलन होने के बाद भी प्रभावी कदम उठाने में विफल रहा।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्वयं ही माना था कि राष्ट्रीय राजमार्ग के डिजाइन में खामियां हैं।

एनएचएआई ने पहले आश्वासन दिया था कि राजमार्ग को केरल की भौगोलिक स्थिति के हिसाब से बनाया जाएगा।

विजयन ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृति रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने और केरलम की भौगोलिक और भू-आकृतिक स्थितियों का विस्तार से अध्ययन करने की मांग की।

विजयन ने एनएचएआई से यह भी कहा कि वह अपनी तकनीकी विशेषज्ञता और तंत्र का इस्तेमाल करे तथा आगे ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ज़्यादा सावधानी बरते।

ज़िला प्रशासन ने बताया कि मंगलवार को उत्तरी कन्नूर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिससे जमीन खिसकने की घटनाएं हुईं, राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा दीवार को नुकसान पहुंचा और कुछ इलाकों में यातायात बाधित हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना था कि इस जगह पर तीन साल पहले भी भूस्खलन की एक बड़ी घटना हुई थी।

जिलाधिकारी ने एनएचएआई अधिकारियों से इस घटना के बारे में तुरंत रिपोर्ट मांगी थी।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश