Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

राजस्थान: डंपर ने कार को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत

जयपुर, 24 अगस्त (भाषा) राजस्थान के नागौर जिले में सोमवार को तेज रफ्तार डंपर ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसा खींवसर-मड़पुरा मार्ग पर उस समय हुआ, जब परिवार बीकानेर में एक रिश्तेदार की शोकसभा में शामिल होने के बाद अपने गांव मड़पुरा लौट रहा था।

खींवसर के थाना प्रभारी उज्जाराम ने बताया कि टक्कर के बाद डंपर कार को कुछ दूरी तक तक घसीटता ले गया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुगना राम (45), उनकी पत्नी सुवा देवी (43) और उनकी साली मणी देवी (40) के रूप में हुई है। सुगना राम के बड़े भाई धनाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जोधपुर के अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, डंपर चालक हादसे के बाद वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त कार से लोगों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि कार पिछले सप्ताह ही नागौर के एक शोरूम से खरीदी गई थी। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवाया गया है।

भाषा बाकोलिया आशीष

आशीष