Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

दिल्ली: खुले नाले में बच्चे के गिरने पर एमसीडी ने जूनियर इंजीनियर को किया निलंबित

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के जसोला गांव में 15-वर्षीय एक लड़के के खुले नाले में गिरने की घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

शनिवार सुबह से लापता आठवीं कक्षा के छात्र मिथुन का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है।

दिल्ली दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) समेत कई एजेंसियों ने मिलकर उसकी तलाश के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया था, लेकिन लड़के का कोई सुराग नहीं मिला।

इस अभियान को शनिवार देर रात रोक दिया गया था और रविवार को इसे दोबारा शुरू किया गया, जिसके तहत इलाके में बचाव दल और गोताखोरों को तैनात किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि लड़का सुबह करीब 11 बजे एक पतंग पकड़ने के चक्कर में नाले में गिर गया था। अधिकारियों के मुताबिक, वह अब भी लापता है।

इस हादसे के बाद कार्रवाई करते हुए एमसीडी के दक्षिण पूर्व (मध्य) जोन ने कनिष्ठ अभियंता को तुरंत निलंबित कर दिया है। प्रशासन के मुताबिक, कर्तव्य में लापरवाही बरतने के कारण अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

निलंबन की अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को अधिशासी अभियंता के कार्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता मिलता रहेगा।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला मिथुन का परिवार इसी इलाके में रहता है और दिल्ली में मजदूरी करता है।

भाषा

सुमित सुरेश

सुरेश