Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

‘एकल इस्तेमाल प्लास्टिक दो, पौधा लो’, इंदौर में कबाड़ बन रहा हरियाली की वजह

इंदौर (मध्यप्रदेश), 24 अगस्त (भाषा) घरों में बेकार पड़ा ‘एकल इस्तेमाल प्लास्टिक’ अब इंदौर में हरियाली बढ़ाने के काम आ रहा है।

नगर निगम ने लोगों को ‘एकल इस्तेमाल प्लास्टिक’ के कबाड़ के उचित निपटान के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आधा किलोग्राम प्लास्टिक के बदले एक पौधा देने का अभियान शुरू किया है।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि ‘आधा किलो प्लास्टिक लाएं, एक पौधा ले जाएं’ अभियान के तहत नागरिक ‘एकल इस्तेमाल प्लास्टिक’ को शहर के आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल) केंद्रों पर जमा करके उसके बदले पौधा ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 20 अगस्त से अब तक शहर के 15 आरआरआर केंद्रों पर करीब 755 किलोग्राम ‘एकल इस्तेमाल प्लास्टिक’ जमा हुआ और नागरिकों को इसके बदले 1,500 से ज्यादा पौधे वितरित किए गए।

अधिकारियों के मुताबिक इस अभियान का उद्देश्य शहर में प्लास्टिक का उपयोग कम करने के साथ ही नागरिकों को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है।

‘एकल इस्तेमाल प्लास्टिक’ को आम तौर पर एक बार इस्तेमाल करने के बाद फेंक दिया जाता है। इनके इस्तेमाल से प्लास्टिक कचरा बढ़ता है जो लंबे समय तक नष्ट नहीं होता और मिट्टी, जल स्रोतों तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है।

इंदौर, राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार आठ बार अव्वल रहा है।

भाषा हर्ष आशीष

आशीष